तंत्र साधना के नाम पर रचता था साजिश, आरोपी कमरुद्दीन गिरफ्तार
दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में हुए ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी कमरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 8 फरवरी की है। उसी दिन एक कार से तीन लाशें बरामद हुई थीं। जांच के बाद मामला और गंभीर हो गया। आरोपी को पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान रोज नए खुलासे हो रहे हैं।
8 हत्याओं का दावा
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने अब तक 8 हत्याएं करने की बात कबूल की है। हालांकि पुलिस इन दावों की पुष्टि कर रही है। हर बयान की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। यह मामला दिल्ली के पीरागढ़ी और लोनी इलाके से जुड़ा है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। इन फुटेज ने कई अहम राज खोले हैं।
सीसीटीवी फुटेज से मिली कड़ी
पहले फुटेज में तीनों मृतक लोनी इलाके में सफेद टाटा टिगोर कार में आते दिखे। बाद में यही कार पीरागढ़ी में मिली। वहीं दूसरे फुटेज में तीनों लोग कार को कमरुद्दीन के घर से कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल जाते नजर आए। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है।
तंत्र साधना के नाम पर बुलाता था
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी तंत्र साधना के नाम पर लड़कियों को बुलाता था। वह उनकी हाइट, वजन और रंग को लेकर विशेष मांग करता था। पुलिस को ठिकाने से कई तस्वीरें मिली हैं। इन तस्वीरों में लड़कियां एक पर्चा पकड़े दिख रही हैं। उस पर्चे पर नाम, वजन, लंबाई और रंग लिखा हुआ है। मृतक लक्ष्मी के फोन से भी ऐसी ही तस्वीरें बरामद हुई हैं। इसके अलावा आरोपी के ठिकाने से तंत्र साधना से जुड़ी किताबें भी मिली हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि तंत्र साधना के नाम पर असली मकसद क्या था।
