सुबह शून्य दृश्यता, कई इलाकों में AQI 400 पार; उड़ानें और यातायात प्रभावित
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार सुबह मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कड़ाके की ठंड के बीच घने कोहरे की मोटी चादर छा गई, जिससे कई इलाकों में दृश्यता लगभग शून्य दर्ज की गई। इसके साथ ही वायु प्रदूषण भी बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया, जिससे सांस लेना तक दूभर हो गया है।
सुबह के समय दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में सड़कें कोहरे में पूरी तरह ढकी नजर आईं। कम दृश्यता के कारण वाहन रेंगते हुए चलते दिखे और लोगों को ऑफिस व जरूरी कामों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर भी पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानों में देरी हुई, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
इस बीच प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक बना हुआ है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार शनिवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 368 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक आनंद विहार में AQI 442, चांदनी चौक में 427, विवेक विहार में 420, जहांगीरपुरी में 416 और द्वारका सेक्टर-8 में 407 दर्ज किया गया।
इसके अलावा आईटीओ (405), सोनिया विहार (401), पंजाबी बाग (394), रोहिणी (389) और वजीरपुर (399) जैसे इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, ठंडी हवाओं की कमी और नमी अधिक होने से प्रदूषक कण वातावरण में फंसे हुए हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को घर के अंदर रहने, मास्क पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
