झारखंड के जमशेदपुर में आज खास हलचल है
झारखंड के जमशेदपुर में आज खास हलचल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार, 26 फरवरी को शहर पहुंचेंगी। करीब दो महीने में यह उनका दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 29 दिसंबर 2025 को जमशेदपुर आई थीं। राष्ट्रपति दोपहर 12 बजे भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर को सजाया गया है।
जगन्नाथ मंदिर भूमि पूजन में होंगी शामिल
तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 12:20 बजे कदमा के मरीन ड्राइव स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगी। यहां 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 90 फीट ऊंचे मंदिर का भूमि पूजन और शिलापट्ट अनावरण होगा। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति यहां करीब दो घंटे से अधिक समय तक रुकेंगी। साथ ही भोग ग्रहण करेंगी। आम लोगों के लिए भी प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज जाएंगी
दोपहर 2:30 बजे राष्ट्रपति कदमा से बारीडीह के लिए रवाना होंगी। वे सड़क मार्ग से होते हुए Manipal Tata Medical College पहुंचेंगी। करीब 30 मिनट के कार्यक्रम में वह छात्र-छात्राओं से मुलाकात करेंगी। दो छात्र उनसे सवाल भी पूछेंगे। इसके अलावा पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगी। यहां बनने वाले स्पोर्ट्स सेंटर और फूड कोर्ट की जानकारी भी राष्ट्रपति को दी जाएगी। प्रस्ताव है कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।
रांची होते हुए पहुंचेंगी जमशेदपुर
राष्ट्रपति सुबह 11 बजे नागपुर से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा जमशेदपुर आएंगी। करीब 3 घंटे 50 मिनट जमशेदपुर में बिताने के बाद वह 3:50 बजे सोनारी एयरपोर्ट से रांची के लिए उड़ान भरेंगी। इसके बाद दिल्ली रवाना होंगी। शहर में राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर उत्साह है। प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
Read More :- नागौर में 9 साल की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत,
