सचिव समीक्षा गौतम ने गंगापुर सिटी उपकारागृह और अस्पताल का किया निरीक्षण

Samiksha Gautam inspecting maternity home Gangapur City
गंगापुर सिटी के राजकीय अस्पताल में मेटरनिटी होम का निरीक्षण करतीं सचिव समीक्षा गौतम

बंदियों की समस्याओं और मेटरनिटी होम–पालना गृह की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सवाई माधोपुर, 27 जनवरी 2026। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव समीक्षा गौतम ने मंगलवार को गंगापुर सिटी उपकारागृह तथा राजकीय सामान्य चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं और अस्पताल में महिलाओं एवं शिशुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

उपकारागृह गंगापुर सिटी का निरीक्षण

सचिव समीक्षा गौतम द्वारा उपकारागृह गंगापुर सिटी का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय कुल 57 बंदी उपस्थित पाए गए। सचिव ने कार्यवाहक जेलर विदेश कुमार से संवाद कर बंदियों से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, अधिवक्ता की उपलब्धता, निःशुल्क विधिक सहायता के इच्छुक बंदियों की संख्या तथा प्रिजन लीगल एड क्लिनिक के माध्यम से की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की। निरीक्षण के निष्कर्ष में उपकारागृह में बंदियों को प्रदान की जा रही मूलभूत सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं।

राजकीय सामान्य चिकित्सालय का निरीक्षण

उपकारागृह निरीक्षण के बाद सचिव समीक्षा गौतम ने गंगापुर सिटी स्थित राजकीय सामान्य चिकित्सालय में मेटरनिटी होम एवं पालना गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान पालना गृह इंचार्ज डॉ. सुमन मीणा एवं डॉ. रामकेश मीणा मौके पर उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान विगत दो वर्षों में पालना गृह में छोड़े गए शिशुओं की संख्या, बच्चों से संबंधित रजिस्टर का संधारण, नियमित प्रविष्टियां, सुरक्षा के इंतजाम तथा पालना गृह के प्रचार-प्रसार की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही मेटरनिटी होम की साफ-सफाई तथा महिलाओं को प्रसव पूर्व और प्रसव के बाद दी जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

गंदगी पर कड़े निर्देश

निरीक्षण के दौरान मेटरनिटी होम एवं पालना गृह में गंदगी पाए जाने पर सचिव समीक्षा गौतम ने कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेटरनिटी होम और पालना गृह की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और पालना गृह का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता एवं सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार किया जाए।

Read More :- सवाई माधोपुर: जिला कलक्टर ने विकास कार्यों और संपर्क पोर्टल की समीक्षा