गाजियाबाद बैंक में दिनदहाड़े हत्या, छुट्टी विवाद में गार्ड ने मैनेजर को गोली मारी

Ghaziabad bank manager shot dead by security guard
गाजियाबाद में पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर को छुट्टी विवाद के बाद गार्ड ने बैंक के अंदर गोली मार दी.

पंजाब एंड सिंध बैंक में छुट्टी को लेकर हुआ विवाद, आर्मी से रिटायर्ड गार्ड वारदात के बाद राइफल लेकर फरार

छुट्टी विवाद बना हत्या की वजह


गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके में स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में सोमवार को दिनदहाड़े बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा की हत्या बैंक के ही गार्ड ने कर दी. बताया जा रहा है कि गार्ड कई दिनों से छुट्टी मांग रहा था. हालांकि उसे छुट्टी नहीं मिल रही थी. इसी बात को लेकर सोमवार दोपहर बैंक के अंदर दोनों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते गार्ड ने अपनी बंदूक से मैनेजर के सीने में गोली मार दी. गोली लगते ही अभिषेक शर्मा जमीन पर गिर पड़े और बैंक में मौजूद लोग दहशत में आ गए.

गोली मारकर राइफल लेकर फरार हुआ आरोपी


जानकारी के मुताबिक यह वारदात सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे हुई. आरोपी गार्ड रवींद्र हुड्डा अपने एक साथी के साथ बाइक से बैंक पहुंचा था. उसने पहले अपने साथी को बैंक के बाहर खड़ा किया. इसके बाद वह बैंक के अंदर गया और वहां मौजूद राइफल उठाई. इसके तुरंत बाद वह सीधे बैंक मैनेजर के केबिन में पहुंचा. वहां छुट्टी को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर गार्ड ने अचानक मैनेजर के सीने में गोली चला दी. घटना के बाद आरोपी गार्ड अपने साथी के साथ आराम से बैंक से बाहर निकला और बाइक से फरार हो गया.

अस्पताल ले जाते समय हुई मैनेजर की मौत


घटना के समय बैंक में मैनेजर समेत पांच कर्मचारी मौजूद थे. गोली चलने की आवाज सुनते ही बैंक में अफरा-तफरी मच गई. कर्मचारी तुरंत घायल मैनेजर को उठाकर बाहर लाए. उन्हें बाइक से दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया. हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद बैंक के बाहर का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है. इसमें आरोपी गार्ड अपने साथी के साथ बैंक से निकलते हुए दिखाई दे रहा है. कुछ मिनट बाद बैंक कर्मचारी मैनेजर को उठाकर बाहर ले जाते नजर आते हैं.

बिहार के रहने वाले थे मैनेजर अभिषेक शर्मा


बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा मूल रूप से बिहार के पटना जिले के लखीपुर के रहने वाले थे. वह अगस्त 2025 से गाजियाबाद में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहे थे. पुलिस ने घटना की जानकारी उनकी पत्नी को दे दी है. इस घटना के बाद परिवार में भी शोक का माहौल है.

आर्मी से रिटायर्ड है आरोपी गार्ड


पुलिस के अनुसार आरोपी गार्ड रवींद्र हुड्डा 2018 में सेना से रिटायर्ड हुआ था. वह बागपत जिले के मंसूरपुर गांव का रहने वाला है. करीब तीन महीने पहले ही उसे पंजाब एंड सिंध बैंक में गार्ड की नौकरी मिली थी. बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा था. इस पर बैंक मैनेजर ने उसे फोन कर ड्यूटी पर न आने को लेकर फटकार लगाई थी. इसी के बाद वह गुस्से में बैंक पहुंचा और वारदात को अंजाम दे दिया.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और घटनास्थल की जांच की जा रही है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Read More :- राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का साया, ओडिशा में BJP-BJD विधायक भिड़े