लगातार बढ़ती कीमतों ने आम ग्राहकों की जेब पर डाला असर, सराफा बाजार में मचा हड़कंप।
सोना-चांदी के रेट में रिकॉर्ड तेजी
सोना और चांदी की कीमतों में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है। इसी वजह से गहने खरीदना अब पहले से कहीं ज्यादा महंगा हो गया है। मंगलवार को जालंधर सराफा एसोसिएशन की ओर से जारी ताजा रेट्स ने बाजार को चौंका दिया। आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1,63,500 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। वहीं 22 कैरेट सोना 1,52,060 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इसके साथ ही चांदी की कीमत भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचते हुए 3,56,500 रुपए प्रति किलोग्राम दर्ज की गई।
MCX पर भी सोने-चांदी में उछाल
घरेलू वायदा बाजार MCX पर भी कीमती धातुओं में तेजी देखने को मिल रही है। मंगलवार को MCX पर सोना 1,58,274 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं चांदी की कीमत 3,54,320 रुपए प्रति किलोग्राम दर्ज की गई। इस बढ़ोतरी से निवेशकों के बीच हलचल तेज हो गई है और आम ग्राहक खरीदारी को लेकर असमंजस में दिख रहे हैं।
2 लाख से 7 लाख तक पहुंच सकता है सोना?
बाजार में सोने की कीमत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में सोना 2 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम का स्तर पार कर सकता है। कुछ जानकार इसे 2.5 लाख रुपए तक जाता हुआ देख रहे हैं। इसी बीच एक बेहद चौंकाने वाला अनुमान सामने आया है, जिसमें भविष्य में सोने की कीमत 7 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, यह दीर्घकालिक अनुमान है और बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने ने बनाया नया रिकॉर्ड
वैश्विक बाजार में भी सोने की कीमतों ने नया इतिहास रच दिया है। सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 5,000 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गया। कारोबार के दौरान इसकी कीमत 5,092.70 डॉलर प्रति औंस के उच्चतम स्तर तक गई। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, आर्थिक अनिश्चितता और महंगाई की आशंका के चलते निवेशक सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं।
ग्राहकों और निवेशकों पर असर
सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों का सीधा असर शादी-विवाह और त्योहारों की खरीदारी पर पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर निवेशकों के लिए यह तेजी फायदे का सौदा साबित हो रही है। आने वाले दिनों में बाजार की नजर वैश्विक संकेतों और घरेलू मांग पर बनी रहेगी।
