Gold-Silver Price Today: चांदी तीन लाख के पार, सोना भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर

Gold and Silver price record high in bullion market
सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचे

सर्राफा बाजार में ऐतिहासिक उछाल, निवेशकों की सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ी दिलचस्पी

सोना और चांदी की कीमतों को लेकर गिरावट के जो अनुमान लगाए जा रहे थे, वे पूरी तरह गलत साबित होते दिख रहे हैं। दरअसल, दोनों कीमती धातुएं लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सर्राफा बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिली। चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार तीन लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार कर लिया। वहीं, सोना भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।

MCX पर चांदी ने बनाया नया इतिहास

सोमवार को बाजार खुलते ही चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। MCX पर मार्च वायदा चांदी ₹13,550 यानी 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ ₹3,01,315 प्रति किलो के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। यह पहली बार है जब चांदी की कीमत तीन लाख रुपये के पार गई है। इस तेजी ने निवेशकों और सर्राफा कारोबारियों दोनों को चौंका दिया है।

जनवरी में ही ₹65 हजार से ज्यादा महंगी हुई चांदी

अगर जनवरी महीने के आंकड़ों पर नजर डालें तो चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव ₹2,35,701 प्रति किलो था। वहीं, जनवरी 2026 में अब तक चांदी ₹65,614 प्रति किलो महंगी हो चुकी है। लगातार बढ़ती कीमतें यह संकेत दे रही हैं कि बाजार में मजबूत मांग बनी हुई है।

सोने ने भी यादगार छलांग लगाई

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी तेज तेजी देखने को मिली। MCX पर फरवरी वायदा सोना शुक्रवार को ₹1,42,517 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। लेकिन सोमवार को बाजार खुलते ही सोना सीधे ₹1,45,500 प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यानी एक ही कारोबारी सत्र में सोना करीब ₹2,983 महंगा हो गया।

साल की शुरुआत से अब तक सोना ₹9,600 से ज्यादा महंगा

साल 2026 की शुरुआत से ही सोने में मजबूती बनी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत ₹1,35,804 थी। मौजूदा कीमतों के हिसाब से अब तक सोना ₹9,696 प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो चुका है। इससे साफ है कि निवेशकों का भरोसा पीली धातु पर लगातार बढ़ रहा है।

क्यों बढ़ रहे हैं सोना-चांदी के दाम?

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव इसकी बड़ी वजह हैं। खासकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ग्रीनलैंड को लेकर टैरिफ धमकी से अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता बढ़ी है। ऐसे हालात में निवेशक शेयर बाजार से दूरी बनाकर सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं। इसी कारण सोना और चांदी की कीमतों में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है।

Read More :- Toyota Urban Cruiser EV Launch: टोयोटा की पहली इलेक्ट्रिक SUV कल होगी भारत में लॉन्च