दिल्ली का मुस्लिम इन्फ्लुएंसर निकला युवक, विवाद बढ़ने पर बोला – “मर्यादा नहीं पता थी”, मांगी माफी
पंजाब के अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) के पवित्र सरोवर में कुल्ला करते युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। वायरल वीडियो में युवक सरोवर के पानी को मुंह में लेकर उसी में थूकता नजर आ रहा है, जबकि इसी सरोवर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं।
जांच में सामने आया कि युवक दिल्ली का रहने वाला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है, जिसका नाम सुब्हान रंगरीज बताया गया है। उसने खुद को “मुस्लिम शेर” बताकर इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट किए थे। पहले वीडियो में वह सरोवर में बैठकर रील बनाता दिखता है, जबकि दूसरे वीडियो में वह गोल्डन टेंपल की धार्मिक सौहार्द की तारीफ करता नजर आता है।
विवाद बढ़ने के बाद सुब्हान रंगरीज ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि उसे गोल्डन टेंपल की मर्यादा की जानकारी नहीं थी। उसने दावा किया कि वह सरोवर के पानी से वजू कर रहा था और गलती से पानी मुंह से गिर गया। युवक ने सिख समुदाय और पंजाबी संगत से माफी मांगते हुए भरोसा दिलाया कि वह दोबारा ऐसी गलती नहीं करेगा।
SGPC ने स्पष्ट किया है कि पवित्र स्थलों की मर्यादा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल मामला धार्मिक भावनाओं से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील बना हुआ है।
