IND vs NZ 3rd ODI: इंदौर के पानी से टीम इंडिया अलर्ट? शुभमन गिल साथ लाए 3 लाख का वॉटर प्यूरिफायर

Shubman Gill with Team India in Indore ahead of 3rd ODI
इंदौर में तीसरे वनडे से पहले टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल

दूषित पानी की घटनाओं के बीच इंदौर पहुंचे कप्तान शुभमन गिल, तीसरे वनडे से पहले सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंदौर में है, जहां न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा और निर्णायक वनडे मुकाबला खेला जाना है। यह मैच रविवार, 18 जनवरी को होल्कर स्टेडियम में दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। वडोदरा में न्यूजीलैंड और राजकोट में भारत की जीत के बाद सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में इंदौर का मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।

हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल मैच से पहले इंदौर शहर हाल के दिनों में एक अलग वजह से सुर्खियों में रहा है। भागीरथपुरा इलाके में दूषित पेयजल से कई लोगों की मौत और सैकड़ों के बीमार होने की खबरों ने चिंता बढ़ा दी थी। इसी बीच टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल को लेकर एक खास खबर सामने आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुभमन गिल अपने साथ लगभग 3 लाख रुपये कीमत का एक हाई-एंड वॉटर प्यूरीफायर लेकर इंदौर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि यह मशीन आरओ और पैक्ड बोतल के पानी को भी दोबारा पूरी तरह शुद्ध करने में सक्षम है। गिल ने इस प्यूरीफायर को अपने होटल के कमरे में इंस्टॉल करवाया है और होटल स्टाफ को इसके इस्तेमाल की अनुमति भी नहीं दी गई है।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह कदम सीधे तौर पर दूषित पानी की घटनाओं से जुड़ा है या यह खिलाड़ियों की सामान्य सेफ्टी प्रोटोकॉल का हिस्सा है। गौरतलब है कि बीसीसीआई ने टीम के साथ अलग शेफ भी भेजे हैं, जो खिलाड़ियों की डाइट का विशेष ध्यान रख रहे हैं।

इंदौर का रिकॉर्ड टीम इंडिया के लिए शानदार रहा है। यहां खेले गए अब तक सभी 7 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की है, जिससे फैंस को एक और जीत की उम्मीद है।

Read More :- जयकारों के साथ पावापुरी रवाना हुआ नवकार विहार मंडल, राज्यस्तरीय सम्मेलन में होगी सहभागिता