500 स्टार्टअप से 2 लाख तक का सफर, 21 लाख लोगों को मिला रोजगार; पीएम मोदी ने युवाओं की जमकर की तारीफ
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल स्टार्टअप डे के अवसर पर देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम की ऐतिहासिक उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने बताया कि 10 साल पहले जहां देश में 500 से भी कम स्टार्टअप थे, वहीं आज इनकी संख्या 2 लाख से अधिक हो चुकी है।
शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप इंडिया अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर युवाओं की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत के युवा आज केवल मुनाफा नहीं, बल्कि रियल प्रॉब्लम सॉल्व करने पर फोकस कर रहे हैं। यही सोच भारत को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जा रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया ने देश में एक नया कल्चर पैदा किया है। पहले नया बिजनेस केवल बड़े घरानों तक सीमित था, लेकिन अब मिडिल क्लास और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवा भी उद्यमिता की दुनिया में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने AI और नई तकनीकों पर जोर देते हुए कहा कि जो देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रांति में आगे रहेगा, वही भविष्य का नेतृत्व करेगा। सरकार युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि स्टार्टअप इंडिया के तहत अब तक 21 लाख से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार पैदा हो चुके हैं। वहीं, 45% से अधिक स्टार्टअप में महिला डायरेक्टर या पार्टनर की मौजूदगी भारत को महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप फंडिंग में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा इकोसिस्टम बनाती है।
प्रधानमंत्री ने लक्ष्य रखा कि अगले 10 सालों में भारत स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी में वैश्विक लीडर बनेगा।
