India US Trade Deal पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला

Akhilesh Yadav on India US Trade Deal
India US Trade Deal पर भाजपा सरकार के खिलाफ बयान देते अखिलेश यादव

बोले- किसानों के साथ धोखा, भाजपा पहले भी विदेशियों की एजेंट थी और आज भी

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने इस समझौते को किसानों के खिलाफ बताते हुए इसे देश की खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर सीधा हमला करार दिया है।

सोशल मीडिया के जरिए साधा निशाना

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर किसानों पर वार किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस दबाव में भारत के बाजार को अमेरिकी कृषि उत्पादों और खाद्यान्नों के लिए खोला जा रहा है।

70 प्रतिशत आबादी के साथ धोखा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की लगभग 70 प्रतिशत आबादी खेती और किसानी पर निर्भर है। ऐसे में विदेशी कृषि उत्पादों के लिए बाजार खोलना देश के किसानों की रोजी-रोटी पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे घरेलू कृषि कमजोर होगी और किसानों की आय में गिरावट आएगी।

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि आजादी से पहले भी भाजपाई विदेशियों के एजेंट थे और आज भी वही भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आत्मनिर्भरता और स्वदेशी की बात करने वाली भाजपा से सवाल किया कि देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के बदले उन्होंने कितना कमीशन खाया है।

महंगाई और मुनाफाखोरी बढ़ने का दावा

उन्होंने कहा कि इस ट्रेड डील का असर केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा। निम्न मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग भी इससे बुरी तरह प्रभावित होंगे। अखिलेश यादव का दावा है कि इससे मुनाफाखोरी और बिचौलियों की नई जमात पैदा होगी, जिससे खाद्यान्न और कृषि उत्पाद और महंगे हो जाएंगे।

जमीन कारपोरेट के हाथ जाने का खतरा

सपा प्रमुख ने आशंका जताई कि धीरे-धीरे किसानों की आय घटेगी और वे मजबूरी में अपनी जमीन अमीरों और कारपोरेट को बेचने पर मजबूर होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन पर कब्जा करना ही भाजपा और उसके सहयोगियों का असली मकसद है।

सीड बिल को भी बताया किसान विरोधी

अखिलेश यादव ने सीड बिल को भी किसान विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बिल भारतीय खेती के लिए घातक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बीज कंपनियों, कीटनाशक कंपनियों, फसल बीमा और बिचौलियों से कमीशनखोरी को बढ़ावा दे रही है।

संगठित विरोध की अपील

अंत में अखिलेश यादव ने किसानों से संगठित विरोध की अपील की। उन्होंने कहा कि एमआरपी, छुट्टा मवेशियों और सरकारी नीतियों से परेशान किसान अब और अत्याचार नहीं सहेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा किसान विरोधी थी, है और रहेगी।

Read More :- मैदान पर लौट आया टीम इंडिया का तूफानी बॉलर