भारत के लिए करो या मरो मुकाबला
नई दिल्ली/चेन्नई। टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में आज भारतीय टीम जिम्बाब्वे से भिड़ेगी। यह मुकाबला बेहद अहम है। भारत को नॉकआउट की दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में जीत चाहिए। ग्रुप स्टेज के चारों मैच जीतने के बाद टीम इंडिया को सुपर-8 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका से 76 रन की हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद भारत (-3.800 नेट रन रेट) तीसरे स्थान पर खिसक गया। वहीं वेस्टइंडीज (+5.350) और साउथ अफ्रीका (+3.800) शीर्ष दो स्थानों पर हैं। जिम्बाब्वे (-5.350) सबसे नीचे है।
चेपॉक की पिच किसके लिए ‘वरदान’?
मुकाबला एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित हुई है। औसत और स्ट्राइक रेट दोनों बेहतर रहे हैं। इसी काली मिट्टी की पिच पर न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ 183 रन का लक्ष्य 17.5 ओवर में हासिल किया था। इसलिए उम्मीद है कि रन बरस सकते हैं। हालांकि, मैच के बीच के ओवरों में स्पिनर्स को टर्न मिल सकता है।
भारत के सामने क्या चुनौती?
भारत को अपने बचे दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे। साथ ही साउथ अफ्रीका की जीत की दुआ भी करनी होगी। तभी सेमीफाइनल का रास्ता आसान होगा। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड भारत के पक्ष में है। दोनों टीमों के बीच 13 टी20 मुकाबले हुए हैं। भारत ने 10 जीते हैं। जिम्बाब्वे ने 3 मैच अपने नाम किए हैं। विश्व कप में एकमात्र भिड़ंत में भारत ने 71 रन से जीत दर्ज की थी।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह। जिम्बाब्वे: तदिवानाशे मारुमानी, ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ब्रैड इवांस, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, वेलिंगटन मसाकाद्जा।
मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ रहेगा। तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है। अब सवाल यही है। क्या चेपॉक बल्लेबाजों के लिए वरदान बनेगा? या गेंदबाज मचाएंगे कोहराम? जवाब मैदान पर मिलेगा।
Read More :- UN में भारत का सख्त संदेश: PoK खाली करो
