भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई
न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र के मंच पर भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई। UN की बैठक में पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर पर उठाए गए मुद्दों का भारत ने सख्त और तथ्यात्मक जवाब दिया। भारत की राजनयिक अनुपमा सिंह ने साफ कहा कि पाकिस्तान को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) खाली करना चाहिए, क्योंकि वह भारत की जमीन पर अवैध कब्जा किए बैठा है।
चिनाब ब्रिज का जिक्र क्यों?
अपने जवाब में अनुपमा सिंह ने जम्मू-कश्मीर में बने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेल ब्रिज का उल्लेख किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान को यह ब्रिज “नकली” लगता है, तो शायद वह हकीकत से दूर है। भारत ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर का विकास बजट पाकिस्तान के हालिया IMF बेलआउट पैकेज से दोगुना है। इससे साफ है कि केंद्र सरकार क्षेत्र के विकास पर लगातार निवेश कर रही है।
‘जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग’
भारत ने दो टूक कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा था, है और रहेगा। 1947 के इंडियन इंडिपेंडेंस एक्ट और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत इसका भारत में विलय पूरी तरह कानूनी और अंतिम है। भारत ने जोर देकर कहा कि असली मुद्दा पाकिस्तान द्वारा भारतीय जमीन पर किया गया अवैध कब्जा है। इसलिए पाकिस्तान को PoK खाली करना चाहिए।
लोकतंत्र पर भी दी नसीहत
अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान को लोकतंत्र पर भाषण देने से भी रोका। उन्होंने कहा कि जहां सरकारें अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पातीं, वहां से लोकतंत्र पर टिप्पणी करना उचित नहीं। भारत ने यह भी बताया कि जम्मू-कश्मीर में रिकॉर्ड मतदान इस बात का प्रमाण है कि वहां के लोग आतंकवाद और हिंसा को नकार चुके हैं। वे विकास और स्थिरता के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहते हैं। अंत में भारत ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बयानबाज़ी करने के बजाय अपने आंतरिक संकटों पर ध्यान देना चाहिए।
Read More :- भारत के सुदर्शन चक्र को मिलेगा “लौह कवच” इजरायल
