उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का डबल अटैक: आंधी-बारिश, ओले और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

India weather rain hail snowfall alert
देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश और बर्फबारी से बदला मौसम

राजस्थान से लेकर जम्मू-कश्मीर तक बदला मौसम, कई राज्यों में अलर्ट जारी

राजस्थान में आंधी-बारिश से बदला मौसम

देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजस्थान के जयपुर समेत कई इलाकों में मंगलवार सुबह धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को ठंड का एहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

मध्य प्रदेश के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। भोपाल, ग्वालियर सहित कुल 28 जिलों में आज और कल बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना है। तेज हवाओं और बादलों की वजह से ठंड में इजाफा हो सकता है।

यूपी में ओले गिरने की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। राज्य के 14 जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं करीब 50 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी, पर्यटक फंसे

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बर्फबारी से हालात बिगड़ गए हैं। कई नेशनल हाईवे पर बर्फ जमने से यातायात बाधित हुआ है और सैकड़ों पर्यटक विभिन्न इलाकों में फंसे हुए हैं। मौसम विभाग ने कुल्लू, किन्नौर, चंबा, लाहौल-स्पीति और शिमला में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

जम्मू-कश्मीर में फ्लाइट्स कैंसिल

जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में सुबह से बर्फबारी जारी है। श्रीनगर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स आज के लिए रद्द कर दी गई हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को घरों में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। गुलमर्ग में सोमवार को न्यूनतम तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य राज्यों का मौसम अपडेट

दिल्ली में सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री और आयानगर में 3.6 डिग्री दर्ज हुआ। राजधानी का AQI 241 के साथ खराब श्रेणी में है और मंगलवार को हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब और हरियाणा में भी कड़ाके की ठंड जारी है, हालांकि अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
उत्तराखंड में पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है।

Read More :- इंदौर में दोस्ती बनी खूनी दुश्मनी: घर में घुसकर युवती के भाई की चाकू मारकर हत्या