परिजनों को धमकाया, खुद को भी किया घायल; एरोड्रम थाना क्षेत्र में सनसनी
घर में घुसकर किया जानलेवा हमला
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। 60 फीट रोड स्थित एक घर में घुसकर एक युवक ने अपनी दोस्त और उसके परिजनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवती के भाई की मौत हो गई, जबकि युवती और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया।
आरोपी और पीड़ितों की पहचान
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान वेदांत सोलंकी के रूप में हुई है, जो बिजासन रोड का रहने वाला है। वह युवती विधि लखावत का दोस्त बताया जा रहा है। किसी पुराने विवाद के चलते वेदांत सोमवार रात करीब 10 बजे विधि के घर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के हमला कर दिया। हमले के दौरान विधि की मां अनीता और भाई विधान बीच-बचाव में आए, लेकिन आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार कर दिए।
इलाज के दौरान युवक की मौत
गंभीर रूप से घायल विधान को परिजन तुरंत अरबिंदो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विधि और उसकी मां का इलाज जारी है और दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। आरोपी वेदांत ने भी वारदात के बाद खुद के पेट में चाकू मार लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया।
पहले भी की गई थी शिकायत
इस पूरे मामले में एक अहम तथ्य सामने आया है। युवती के परिजनों ने 5 से 6 दिन पहले आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय पुलिस ने आरोपी को बुलाकर समझाइश दी थी। हालांकि, यह चेतावनी आरोपी को रोकने में नाकाम साबित हुई और उसने सोमवार रात खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस जांच में जुटी
एरोड्रम थाना टीआई तरुण भाटी ने बताया कि आरोपी की हालत खतरे से बाहर है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने मौके से सबूत जुटा लिए हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। आरोपी द्वारा घटना के दौरान परिजनों को धमकाने की बात भी सामने आई है।
इंदौर में दूसरी हत्या से और बढ़ी चिंता
इसी बीच, इंदौर में एक और हत्या की खबर ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गाड़ी टकराने के मामूली विवाद में शुभम पैलेस कॉलोनी निवासी संजय सिंह रावत की हत्या कर दी गई। इस घटना में उसका भाई, भांजा और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
