15 दिन पहले भी की थी फायरिंग, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक बार फिर हिस्ट्रीशीटर का खौफ देखने को मिला है। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गंगापोल इलाके में सोमवार सुबह हिस्ट्रीशीटर ने एक युवक को गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को गंभीर हालत में SMS हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना सुबह करीब 9 बजे की है। घायल युवक की पहचान बबलू महावर के रूप में हुई है। बबलू घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और फायरिंग कर दी।
चचेरे भाई को बनाया निशाना, गोली बबलू को लगी
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने पहले बबलू के चचेरे भाई अजय महावर को निशाना बनाया था। हालांकि अजय ने स्थिति भांपते हुए खुद को बचा लिया। इसी दौरान चली गोली बबलू की जांघ में जा लगी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी तुरंत बाइक से फरार हो गया।
15 दिन पहले भी कर चुका है फायरिंग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा ने करीब 15 दिन पहले भी इलाके में हवाई फायरिंग की थी। उस समय ब्रह्मपुरी थाने में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। लेकिन लोगों का कहना है कि पुलिस ने तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अब इसी लापरवाही का नतीजा यह घटना बताई जा रही है।
26 मामलों का हिस्ट्रीशीटर है आरोपी
पुलिस के अनुसार रवि मेहरा सुभाष चौक थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ ब्रह्मपुरी थाने में 15 और सुभाष चौक थाने में 11 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं।
घर में शादी की खुशियां, मातम में बदलीं
घायल बबलू की बहन की 6 फरवरी को शादी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। दीवारों पर पेंटिंग और स्वागत संदेश लगाए गए थे। लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। बबलू के पिता ने बताया कि उन्हें आरोपी से किसी तरह की कोई रंजिश नहीं थी और वे उसे जानते तक नहीं थे।
लोगों का गुस्सा, थाने का घेराव
घटना के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने ब्रह्मपुरी थाने का घेराव किया। कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी बाधित रहा। लोगों ने मांग की कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर इलाके में उसकी परेड कराई जाए। मौके पर FSL टीम ने पहुंचकर गोली, खून के धब्बे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
