जयपुर में ओवरस्पीड कार का कहर, 5 वाहनों को रौंदते हुए मॉल की दीवार में घुसी कार

Jaipur overspeed car hits vehicles and crashes into mall wall
टोंक रोड पर ओवरस्पीड कार पांच गाड़ियों को टक्कर मारते हुए मॉल की दीवार में घुसी।

टोंक रोड पर रेड लाइट पर बेकाबू हुई कार, VIDEO सामने आया, दो लोग घायल, ड्राइवर को लोगों ने पकड़ा

जयपुर में तेज रफ्तार का खौफनाक नजारा देखने को मिला, जब एक ओवरस्पीड कार ने रेड लाइट पर खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए मॉल की दीवार में जा घुसी। यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे टोंक रोड स्थित किसान मार्ग रेड लाइट पर हुआ। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार की रफ्तार और टक्कर की भयावहता साफ नजर आ रही है।

रेड लाइट पर खड़ी गाड़ियां बनी शिकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। सबसे पहले उसने मॉल के सामने खड़ी तीन बाइकों को टक्कर मारी। इसके बाद दो कारों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सीधे महिमा मैग्नेस मॉल की रेलिंग और दीवार से जा टकराई। हादसे में मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दो लोगों को आई मामूली चोट

इस दुर्घटना में दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि हादसा दोपहर के समय हुआ, वरना भीड़ अधिक होने पर बड़ा नुकसान हो सकता था।

ड्राइवर को लोगों ने पकड़ा, हुई झड़प

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार ड्राइवर को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसके साथ मारपीट की कोशिश भी की। हालांकि, समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और भीड़ को नियंत्रित किया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने पर एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और ट्रैफिक को सुचारू कराया। कार को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया।

सामने से आ रहे वाहन को बचाने में हुआ हादसा

एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) के ASI ईश्वर सिंह ने बताया कि कार बजाज नगर की ओर से सांगानेर की तरफ जा रही थी। किसान मार्ग रेड लाइट के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। ओवरस्पीड होने के कारण ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख सका और यह बड़ा हादसा हो गया।

कार मालिक की पहचान

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार बापू नगर निवासी राजेश खंडेलवाल के नाम से पंजीकृत है। मामले की जांच जारी है और ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।

ओवरस्पीड पर फिर सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सतर्कता से वाहन चलाएं।

Read More :- जेसीबी से बना 65 हजार किलो चूरमा, 3 लाख श्रद्धालुओं के लिए अनोखी महाप्रसादी की तैयारी