जयपुर में महिला को पेड़ से बांधकर पीटा: अफेयर के शक में मां-बेटे ने की हैवानियत, जख्मों पर छिड़का नमक

जयपुर के बगरू इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना। अफेयर के शक में मां-बेटे ने महिला को घर से घसीटकर नीम के पेड़ से बांधा और ईंट-डंडे से पीटा। जख्मों पर नमक छिड़कने से महिला की हालत बिगड़ी, पुलिस ने दर्ज किया केस।

जयपुर जिले के बगरू थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अफेयर के शक में एक महिला को बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि एक युवक की पत्नी और उसका बेटा महिला के घर में घुस गए, उसके बाल पकड़कर घसीटा, और नीम के पेड़ से बांधकर ईंट-डंडे से मारपीट की। इतना ही नहीं, दोनों ने महिला के जख्मों पर नमक छिड़ककर उसकी तकलीफ और बढ़ा दी।

पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि करीब 3-4 साल पहले उसके परिचित ने उससे 1.5 लाख रुपए उधार लिए थे, लेकिन कई बार मांगने के बावजूद पैसे वापस नहीं किए। वह पैसे वापस मांगने के लिए कॉल करती थी, जिससे परिचित की पत्नी को शक हुआ कि उसका पति महिला से अफेयर रखता है। इसी शक में उसने अपने बेटे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना 2 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे की है, जब पीड़िता घर में कपड़े धो रही थी। अचानक आरोपी महिला और उसका बेटा घर में घुसे और चिल्लाने लगे — “मेरे पति को तूने कहां छुपा रखा है?” इसके बाद उन्होंने बाथरूम में घुसकर महिला के बाल पकड़कर घसीटा और आंगन में लाकर नीम के पेड़ से बांध दिया। वहां दोनों ने मिलकर ईंट और डंडों से जमकर मारपीट की और जख्मों पर नमक छिड़क दिया।

महिला की चीखें सुनकर पड़ोसियों ने उसके परिजनों को सूचना दी। जब परिजन खेत से लौटे, तब तक आरोपी मां-बेटा अपने पति की मदद से बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को बगरू अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता के पर्चा बयान के आधार पर बगरू थाना पुलिस ने मां-बेटे और परिचित पति के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

यह घटना न केवल महिला उत्पीड़न की भयावह तस्वीर पेश करती है बल्कि समाज में पनपते अविश्वास और हिंसक मानसिकता पर भी सवाल खड़े करती है।