UP Crime News: ब्लैकमेल से हैवान बना रिटायर्ड रेलकर्मी, प्रेमिका की बेरहमी से हत्या

Jhansi brutal murder case involving retired railway employee
झांसी में रिटायर्ड रेलकर्मी द्वारा की गई खौफनाक हत्या का खुलासा

झांसी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, 8 दिन तक बक्से में जले शव के टुकड़े रखे

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी ने अवैध संबंधों में रह रही महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के टुकड़े किए और उन्हें जलाकर लोहे के बक्से में आठ दिन तक छिपाकर रखा। यह मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राम सिंह के मृतका प्रीति से अवैध संबंध थे। प्रीति आरोपी के घर खाना बनाने का काम करती थी। उम्र में 27 साल छोटी प्रीति पर आरोपी ने अपनी पूरी पेंशन तक खर्च कर दी थी। हालांकि, कुछ समय बाद प्रीति ने आरोपी पर ढाई लाख रुपये देने का दबाव बनाया। साथ ही दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी भी दी। इसी ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आरोपी ने खौफनाक कदम उठाया।

पहले से रची गई थी हत्या की साजिश

आरोपी ने जनवरी महीने में झांसी के ब्रह्मनगर इलाके में एक किराए का मकान लिया था। 8 जनवरी को प्रीति को वहां बुलाया गया। इसी दौरान कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी गई। शव को छिपाने के लिए पहले नीले रंग का ड्रम खरीदा गया, लेकिन शव उसमें नहीं आया। इसके बाद एक बड़ा लोहे का बक्सा खरीदा गया।

शव जलाया, फिर भी नहीं मिटे सबूत

आरोपी ने शव के कई टुकड़े किए और उन्हें बक्से में भरकर जला दिया। हालांकि, कई अंग पूरी तरह जल नहीं पाए। इन टुकड़ों को आरोपी ने आठ दिन तक कमरे में रखा। बाद में दूसरी पत्नी के बेटे की मदद से शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।

ऑटो चालक की सतर्कता से खुला राज

जब बक्से को लोडर में रखकर ले जाया जा रहा था, तब रास्ते में बदबू आने लगी। ऑटो चालक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अधजले शव के टुकड़े और कोयला बरामद किया।

मोबाइल ऑन करते ही पुलिस के रडार में आया आरोपी

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। लेकिन जैसे ही उसने पुलिस की लोकेशन जानने के लिए मोबाइल ऑन किया, वह ट्रेस हो गया। कुछ ही घंटों में पुलिस ने मुख्य आरोपी राम सिंह, उसकी पत्नी गीता रायकवार और बेटे नितिन को गिरफ्तार कर लिया।

DNA जांच से होगी पहचान की पुष्टि

मृतका के पति की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। बरामद अवशेषों की DNA जांच कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Read More :- जबलपुर हिट एंड रन हादसा: मजदूरों को रौंदने वाली कार का कहर, 5 की मौत से मचा हड़कंप