गुमला में घर-घर पहुंचकर बांटे गए पर्चे, हिंदू संगठनों का विरोध
झारखंड के गुमला जिले में धर्मांतरण के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गुमला के सिसई थाना क्षेत्र में कथित रूप से चंगाई सभा के जरिए लोगों को प्रभावित करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने पांच महिलाओं को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी। हालांकि, पुलिस की तत्परता से हालात को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।
घर-घर जाकर लोगों को सभा में बुलाने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुग्गू और आसपास के गांवों की रहने वाली पांच महिलाएं सिसई के कुम्हार मोड़ इलाके में घर-घर जाकर पर्चे बांट रही थीं। इन पर्चों में बीमारियों से मुक्ति और बेहतर जीवन के दावे किए गए थे। साथ ही लोगों को चंगाई सभा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने इस गतिविधि पर आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि महिलाओं द्वारा धार्मिक परंपराओं को छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
हिंदू संगठनों ने जताया कड़ा विरोध
मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वहां विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद महिलाओं को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले जाया गया।
स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय निवासी आनंद साहू ने आरोप लगाया कि महिलाएं उनके घर पहुंचीं और देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक बातें कही। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपनी परंपराएं छोड़ने के लिए बार-बार कहा गया। इसके बाद इस मामले की सूचना संबंधित संगठनों और पुलिस को दी गई।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ जारी है पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। यह मामला एक बार फिर धार्मिक संवेदनशीलता और सामाजिक सौहार्द को लेकर कई सवाल खड़े करता है।
