900 करोड़ जल जीवन मिशन घोटाला: 9 अफसर 3 दिन के रिमांड पर

ACB कोर्ट में पेश किए गए जल जीवन मिशन घोटाले के आरोपी अधिकारी
900 करोड़ के जल जीवन मिशन घोटाले में गिरफ्तार अफसरों को ACB कोर्ट में पेश किया गया।

ACB कोर्ट ने सुनाया फैसला, अब दस्तावेजों और अन्य संलिप्त लोगों से होगी पूछताछ

900 करोड़ रुपये के ल जीवन मिशन (JJM) घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। गिरफ्तार 9 अफसरों को आज ACB कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों को 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया। दरअसल, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कोर्ट से 5 दिन का रिमांड मांगा था। हालांकि, सुनवाई के बाद कोर्ट ने 3 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की। अब ACB घोटाले से जुड़े अन्य तथ्यों, दस्तावेजों और संभावित संलिप्त लोगों से पूछताछ करेगी।

एक ही गाड़ी में कोर्ट पहुंचे आरोपी

ACB की टीम सभी आरोपियों को एक ही वाहन में कोर्ट लेकर पहुंची। अधिकारियों के हाथों में लाल कपड़े में लिपटी फाइलें थीं। बताया जा रहा है कि इन फाइलों में घोटाले से जुड़े अहम दस्तावेज शामिल हैं। आरोपियों को विशिष्ट न्यायालय भ्रष्टाचार अधिनियम क्रम संख्या-1 में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

15 जगहों पर हुई थी कार्रवाई

गौरतलब है कि ACB ने 17 फरवरी को जयपुर, बाड़मेर, जालोर, सीकर सहित बिहार, झारखंड और दिल्ली में कुल 15 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की थी। प्रदेश में जयपुर, उदयपुर, जालोर, बाड़मेर और सीकर में कार्रवाई की गई। इसके बाद 9 अफसरों को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेश किए गए अफसरों में केडी गुप्ता, दिनेश गोयल, डीके गौड़, निरिल कुमार, सुशील शर्मा, शुभांशु दीक्षित, अरुण श्रीवास्तव, महेंद्र प्रकाश सोनी और विशाल सक्सेना शामिल हैं।

फर्जी बिल और वित्तीय गड़बड़ियों की जांच

सूत्रों के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत हुए कार्यों में कथित अनियमितताएं सामने आई हैं। इसके अलावा फर्जी बिलों और वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप भी लगे हैं। अब ACB ठेकेदारों, संबंधित अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका की गहराई से जांच करेगी। फिलहाल रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ अहम मानी जा रही है।

Read More :- हॉस्पिटल के पास युवक गिरफ्तार, देशी पिस्टल बरामद