मेल नर्सिंगकर्मी पर पैसे देने और गलत काम का आरोप, पुलिस में शिकायत दर्ज
जयपुर के जे.के. लोन हॉस्पिटल में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत महिला कर्मचारियों ने एक महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले को लेकर प्रदर्शन किया। आरोप है कि देर रात ड्यूटी के दौरान एक मेल नर्सिंग कर्मचारी ने महिला वार्ड हेल्पर के साथ बदसलूकी की। मामले की शिकायत एसएमएस थाना पुलिस और हॉस्पिटल प्रशासन को दी गई है।
रात 2 बजे वॉशरूम के बाहर हुई घटना
पीड़ित महिला कर्मचारी ने बताया कि वह रात करीब 2 बजे वार्ड के अंदर बने वॉशरूम से बाहर निकली थी। उसी समय मेल नर्सिंग कर्मचारी बाहर खड़ा था। जैसे ही वह बाहर आई, आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और पास रखी बेंच पर बैठा दिया। इसके बाद उसके दोनों कंधे पकड़ लिए। महिला ने विरोध किया और जोर से धक्का देकर खुद को छुड़ाया। लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने दोबारा उसका हाथ पकड़ लिया।
पैसों और फर्जी हाजिरी का दिया लालच
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने कहा कि अगर उसे पैसे चाहिए तो वह दे देगा। साथ ही यह भी कहा कि ड्यूटी पर नहीं आएगी, तब भी हाजिरी लगा देगा। इसके बदले उसने गलत काम के लिए दबाव बनाया। महिला किसी तरह वहां से निकलकर बाहर आई और सीनियर स्टाफ को पूरी घटना बताई।
शिकायत पर चुप रहने का दबाव
महिला कर्मचारी का आरोप है कि सीनियर स्टाफ ने उसे समझाकर बैठ जाने को कहा और आरोपी को “समझाने” की बात कही। जब महिला ने प्रशासन और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो उसे बदनामी का डर दिखाया गया। कहा गया कि आरोपी नर्सिंग स्टाफ है और वह वार्ड हेल्पर है, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं होगी।
प्रशासन और पुलिस की प्रतिक्रिया
जे.के. लोन हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आर.एम. सेहरा ने बताया कि महिला कर्मचारी ने मौखिक शिकायत दी है। उसे लिखित शिकायत देने को कहा गया है, ताकि पूरे मामले की विधिवत जांच करवाई जा सके। पीड़िता ने एसएमएस थाने में भी शिकायत दर्ज करवाई है। नर्सिंग अधीक्षक सिंथिया एल्विन ने कहा कि अस्पताल में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कर्मचारियों में आक्रोश
घटना के बाद महिला कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
