कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया हत्याकांड: चंडीगढ़ एनकाउंटर में मारा गया आरोपी करण डिफाल्टर

Kabaddi player Rana Balachauria murder accused encounter in Mohali
न्यू चंडीगढ़ एयरपोर्ट रोड पर पुलिस एनकाउंटर में मारा गया आरोपी करण डिफाल्टर

हथकड़ी छुड़ाकर फरार हुआ था आरोपी, न्यू चंडीगढ़ एयरपोर्ट रोड पर पुलिस से मुठभेड़ में ढेर

कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया हत्याकांड में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी करण डिफाल्टर को शनिवार सुबह न्यू चंडीगढ़ एयरपोर्ट रोड पर पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। आरोपी पर पहले भी कई संगीन अपराधों में शामिल होने के आरोप थे और वह गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, करण डिफाल्टर को हाल ही में पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर मोहाली लाया गया था और उसे सीआईए (CIA) हिरासत में रखा गया था। शुक्रवार देर रात आरोपी ने छाती में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे, पुलिस की गाड़ी एक डिवाइडर पर चढ़ गई और मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने हथकड़ी छुड़ाई और फरार हो गया।

पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। शनिवार सुबह न्यू चंडीगढ़ के एयरपोर्ट रोड पर आरोपी पुलिस टीम को दिखाई दिया। जब उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पहले आरोपी के पैर में गोली लगी। जमीन पर गिरने के बावजूद आरोपी लगातार फायरिंग करता रहा, जिसके बाद पुलिस की कई गोलियां उसे लगीं।

गंभीर रूप से घायल आरोपी को पहले निजी अस्पताल और फिर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके पर एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और उसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है, इसकी जांच जारी है।

गौरतलब है कि करण डिफाल्टर इससे पहले भी गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की हत्या के मामले में वांछित था। इस एनकाउंटर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

Read More :- रेवाड़ी में 16 साल की विवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रेम विवाह के 6 महीने बाद फंदे पर लटका मिला शव