कानपुर में प्रेमिका ने आशिक को लोहे के बक्से में किया बंद, 45 मिनट बाद निकला जिंदा
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यह घटना चकेरी थाना क्षेत्र की है, जहां एक प्रेमी का प्रेमिका से मिलना उसके लिए जानलेवा साबित होते-होते रह गया। घर में अचानक आई चाची की एंट्री के बाद जो ड्रामा हुआ, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घर खाली देख बुलाया था प्रेमी को
बताया जा रहा है कि युवती का भाई ट्रैक्टर लेकर काम पर गया हुआ था, जबकि मां फैक्ट्री में ड्यूटी कर रही थी। घर पूरी तरह खाली था। अकेलापन महसूस कर रही युवती ने अपने प्रेमी को मिलने के लिए घर बुला लिया। दोनों कमरे के अंदर बातचीत कर रहे थे और माहौल पूरी तरह सामान्य था।
अचानक चाची की एंट्री से मचा हड़कंप
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली चाची अचानक घर पहुंच गईं। अंदर से किसी अनजान युवक की आवाज सुनकर उन्हें शक हो गया। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खटखटाया, युवती घबरा गई और हालात बेकाबू हो गए।
प्रेमी को बक्से में छिपाकर लगाया ताला
डर के मारे युवती ने प्रेमी को कमरे में रखे एक बड़े लोहे के संदूक में घुसा दिया और बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद उसने चाची को किसी के घर में होने से इनकार कर दिया। चाची ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत युवती के भाई, मां और पुलिस को सूचना दे दी।
45 मिनट बाद बक्से से आई आवाज
जब पुलिस और परिजन घर पहुंचे तो युवती काफी देर तक दरवाजा नहीं खोल रही थी। तलाशी के दौरान भी कोई नहीं मिला। इसी बीच करीब 45 मिनट बाद लोहे के बक्से के अंदर से कराहने और छटपटाने की आवाज आने लगी। बक्से में बंद युवक की हालत बिगड़ चुकी थी।
बक्सा खुलते ही उड़े होश
काफी पूछताछ के बाद जब बक्सा खोला गया तो अंदर से युवक पसीने से लथपथ, हांफता हुआ बाहर निकला। ऑक्सीजन की कमी से उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। उसे जिंदा देखकर हर कोई सन्न रह गया।
पुलिस ने लिया हिरासत में
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के अनुसार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लोग “मौत को छूकर लौटने की कहानी” बता रहे हैं।
