हाइवे पर दिल दहला देने वाला हादसा, किशोर की बेरहमी से मौत
राजस्थान के करौली जिले से रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। नेशनल हाइवे-23 पर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार किशोर को टक्कर मारी। इसके बाद चालक उसे सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। करीब 11 किलोमीटर तक यह खौफनाक मंजर चलता रहा। गुरुवार दोपहर करौली-गंगापुर हाईवे स्थित पाटौर बस स्टैंड पर हादसा हुआ। बीजलपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में यह दर्दनाक घटना हुई। बाइक पर तीन किशोर सवार थे। सामने से आ रही पंच कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछल गए।
घसीटता रहा कार चालक, सड़क पर बिखरते रहे अंग
हादसे के बाद दो युवक दूर जा गिरे। लेकिन 14 वर्षीय मनीष कार के नीचे फंस गया। कार चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। किशोर को बेरहमी से घसीटता हुआ ले गया। हाइवे पर शरीर के अंग बिखरते चले गए। करीब 11 किलोमीटर बाद गुनेसरी नदी के पास शव फेंका गया। इसके बाद चालक कार समेत फरार हो गया।
मौके पर मची चीख-पुकार
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोकेशन ट्रेस कर नदी के पास पहुंची टीम। वहां किशोर का शेष शव बरामद किया गया। शव को करौली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
परिजनों का फूटा गुस्सा, हाइवे जाम
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे जाम कर दिया। झाड़ियां और पत्थर डालकर रास्ता रोका गया। पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग उठी। वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। करीब दो घंटे तक यातायात ठप रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस का आश्वासन, जांच जारी
थानाधिकारी मंजू फौजदार मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी। आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मनीष दसवीं कक्षा का छात्र था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। पिता हरियाणा में मजदूरी कर परिवार पालते हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।
