सिंहपोरा में जैश आतंकियों के फंसे होने की आशंका, बड़ा ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से बड़ी सुरक्षा खबर सामने आई है। सिंहपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। अचानक हुई फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा। इसके बाद सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल लिया।जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जैसे ही जवान संदिग्ध इलाके के करीब पहुंचे। छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद मुठभेड़ तेज हो गई।
सिंहपोरा में घेरा गया इलाका
मुठभेड़ किश्तवाड़ जिले के सिंहपोरा क्षेत्र में चल रही है। यह इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है। आतंकियों को छिपने में आसानी मिलती है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया है। अतिरिक्त फोर्स मौके पर भेजी गई है। सूत्रों के अनुसार, 2 से 3 आतंकियों के फंसे होने की आशंका है। इलाके में किसी भी मूवमेंट पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
ड्रोन और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं आतंकी
खुफिया सूत्रों का दावा है कि फंसे हुए आतंकी जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं। आतंकियों की पहचान और नेटवर्क को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
संयुक्त बलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन
यह ऑपरेशन सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों का संयुक्त अभियान है। इलाके में सुरक्षा का घेरा लगातार मजबूत किया जा रहा है। दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। सुरक्षाबल किसी भी जोखिम से बचते हुए आगे बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। इलाके में आवाजाही पर रोक लगाई गई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
पहाड़ी इलाकों में बढ़ी सतर्कता
इस मुठभेड़ के बाद पूरे किश्तवाड़ जिले में अलर्ट बढ़ा दिया गया है। आसपास के जंगलों में भी तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करना चाहती हैं कि कोई आतंकी बचकर न निकल पाए। ऑपरेशन के खत्म होने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।
