सरकारी जमीन पर कब्जे का प्रशासन ने किया अंत
राजस्थान के कोटा जिले से बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है, अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश दिया गया है।
सांगोद क्षेत्र में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा के अवैध मकान पर बुलडोजर चला दिया गया है। यह कार्रवाई नगर पालिका और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अंजाम दी। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। प्रशासन ने साफ कर दिया कि सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
‘गैर मुमकिन बावड़ी’ की जमीन पर बना था मकान
जानकारी के अनुसार आदिल मिर्जा ने अमृतखेड़ी गांव में करीब 225 गज जमीन पर आलीशान मकान बना रखा था। राजस्व रिकॉर्ड में यह जमीन ‘गैर मुमकिन बावड़ी’ श्रेणी में दर्ज है। यह श्रेणी पूरी तरह सरकारी संपत्ति मानी जाती है। नगर पालिका सांगोद ने पहले नियमानुसार नोटिस जारी किया था। अंतिम चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
नोटिस खत्म होते ही चला बुलडोजर
नोटिस की अवधि समाप्त होते ही प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। सुबह पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अधिकारी पूरी तरह सतर्क दिखे।
अपराधियों और भू-माफियाओं में हड़कंप
इस बुलडोजर कार्रवाई से इलाके में खौफ का माहौल है। अन्य भू-माफियाओं और आदतन अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी। फिलहाल मौके पर तोड़फोड़ की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। यह कार्रवाई साफ संकेत है कि कानून से ऊपर कोई नहीं, माफिया राज को जड़ से खत्म किया जाएगा।
