प्रीमियम फीचर्स और दमदार रेंज के साथ EV सेगमेंट में Lexus की एंट्री
जापानी ऑटो कंपनी Lexus ने भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार Lexus ES 500e लॉन्च कर दी है। यह ES सीरीज की 8वीं पीढ़ी की कार है और कंपनी के लिए भारतीय बाजार में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 89.99 लाख रुपये रखी गई है। खास बात यह है कि इसे CKD यूनिट के जरिए भारत में असेंबल किया जाएगा, यानी इसके पार्ट्स विदेश से आयेंगे और यहां जोड़े जाएंगे।
डिजाइन में मिला नया और शार्प लुक
नई Lexus ES 500e का डिजाइन पहले के मुकाबले ज्यादा मॉडर्न और शार्प बनाया गया है। कार के फ्रंट में Z-शेप DRL दी गई हैं, जो इंडिकेटर के साथ इंटीग्रेटेड हैं। वहीं, हेडलाइट्स को एक ट्रिम के पीछे छिपाया गया है, जिससे कार को क्लीन और यूनिक लुक मिलता है। इसके अलावा, साइड प्रोफाइल पर उभरी हुई लाइन्स और ग्लॉस ब्लैक फिनिश इसे प्रीमियम अपील देती है। पीछे की तरफ पतली LED लाइट बार और LEXUS ब्रांडिंग इसे और आकर्षक बनाती है।
इंटीरियर में लग्जरी और टेक्नोलॉजी का शानदार मेल
कार का इंटीरियर बेहद लग्जरी और फ्यूचरिस्टिक बनाया गया है। इसमें पैनोरमिक सनरूफ दिया गया है, जिससे केबिन खुला-खुला महसूस होता है। डैशबोर्ड पर 14 इंच और 12.3 इंच की दो बड़ी डिजिटल स्क्रीन मिलती हैं। वहीं, टच-सेंसिटिव बटन और एंबिएंट लाइटिंग इसे हाई-टेक बनाते हैं। इसके अलावा, सीटों में सिंथेटिक लेदर और स्वेड का इस्तेमाल किया गया है। खास बात यह है कि स्पीकर्स में लगी LED लाइट म्यूजिक के साथ बदलती है, जो एक प्रीमियम अनुभव देती है।
सेफ्टी और एडवांस फीचर्स से लैस
Lexus ES 500e में सेफ्टी का भी खास ध्यान रखा गया है। इसमें 10 एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा और ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम दिया गया है। अगर ड्राइवर को नींद आती है, तो सिस्टम तुरंत अलर्ट कर देता है। इसके अलावा, आगे की सीटों में हीटिंग और पीछे की सीटों में मसाज फीचर भी दिया गया है।
पावरफुल बैटरी और शानदार परफॉर्मेंस
इस इलेक्ट्रिक कार में 74.69 kWh की बैटरी दी गई है। साथ ही डुअल मोटर सेटअप 338hp की पावर जनरेट करता है। सबसे खास बात यह है कि यह कार महज 5.7 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।
कंपनी ने क्या कहा
लॉन्च के दौरान कंपनी के इंजीनियर ने बताया कि भारतीय ग्राहकों के बीच ES सीरीज की लोकप्रियता को देखते हुए इस इलेक्ट्रिक मॉडल को पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि कार को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह साइलेंट और स्मूद ड्राइविंग अनुभव दे सके।
