सोनपापड़ी और राजभोग मौके पर नष्ट, 55 लाख से ज्यादा का मसाला-खोया भी सीज
लखनऊ में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। त्योहार को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान फैजुल्लागंज स्थित Haldiram’s के स्टोरेज वेयरहाउस पर छापा मारा गया। छापेमारी में 1 क्विंटल यानी 112 किलो एक्सपायर्ड मिठाइयां बरामद हुईं। इनमें सोनपापड़ी और राजभोग शामिल थे। टीम ने दोनों मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
कई मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए सील
कार्रवाई के दौरान असॉर्टेड पेड़ा, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, पेठा और गुजिया के नमूने भी लिए गए। सभी सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऐशबाग कोल्ड स्टोरेज पर भी छापा
इसके अलावा ऐशबाग स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज पर भी कार्रवाई हुई। यहां से 8,499 किलो काली मिर्च और 378 किलो खोया जब्त किया गया। पूरे शहर में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 10,415 किलो मसाले और खोया सीज किया गया।
इनकी अनुमानित कीमत 55.91 लाख रुपये बताई गई है। महानगर इलाके के ग्लोब कैफे से पनीर और गुजिया के सैंपल लिए गए। वहीं, करीब 45 हजार रुपये मूल्य की 112 किलो खाद्य सामग्री को नष्ट कर दिया गया।
त्योहारों से पहले सख्ती
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि होली और शादियों के सीजन को देखते हुए यह विशेष अभियान जारी रहेगा।
उद्देश्य है कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिल सकें। अधिकारियों ने साफ किया है कि मिलावट या एक्सपायरी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read More :- बेटा चला गया, पर उसकी धड़कनें जिंदा हैं” — दविंदर सिंह ने जाते-जाते 6 लोगों को दिया नया जीवन
