होमगार्ड जवान पर ‘उड़ा देंगे’ कहने का आरोप, जांच के इंतजार में प्रशासन
बिहार के मधेपुरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, मुरलीगंज थाना क्षेत्र में एक होमगार्ड जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में जवान बीच बाजार कथित तौर पर बंदूक तानते और ‘उड़ा देंगे’ जैसी धमकी देते नजर आ रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना बेंगा पुल स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सड़क जाम लगा हुआ था। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को साइड कराने को लेकर जवान और चालक के बीच कहासुनी हो गई।
जाम हटाने की कोशिश बनी तनाव की वजह
पहले तो मामला सामान्य बहस तक सीमित था। लेकिन अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि गुस्से में जवान ने बीच बाजार ही बंदूक तान दी। वीडियो में बाजार में अफरातफरी का माहौल दिख रहा है। लोग घबराकर इधर-उधर हटते नजर आते हैं। कुछ लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान किसी ने मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। अब वही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि जवान ने गोली चलाने की कोशिश की या सिर्फ गुस्से में हथियार ताना।
प्रशासन की चुप्पी, जांच का इंतजार
अब तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वीडियो की पुष्टि भी नहीं हुई है। ऐसे में अगर वीडियो प्रमाणित होता है, तो यह मामला अनुशासन और कानून व्यवस्था दोनों के लिहाज से गंभीर माना जाएगा। फिलहाल स्थानीय लोग प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
