दूषित पानी पीने से बिगड़े हालात, प्रशासन अलर्ट मोड पर
महू में दूषित पानी से फैली बीमारी
मध्य प्रदेश के इंदौर के बाद अब महू में गंदे पानी से बीमारी फैलने का मामला सामने आया है। महू के पत्ती बाजार और चंदर मार्ग इलाके में 22 लोग अचानक बीमार पड़ गए हैं। इनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी लोग दूषित पानी पीने के कारण बीमार हुए हैं।
पहले इंदौर, अब महू में भी हालात गंभीर
इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में पहले ही सीवर मिले पानी की सप्लाई से कई लोगों की मौत का दावा किया जा चुका है। अब महू में भी उसी तरह के हालात बनते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
14 जनवरी से बिगड़ रहे थे हालात
बीमार लोगों के परिजनों का कहना है कि 14 जनवरी से ही इलाके में लोग उल्टी, बुखार और कमजोरी की शिकायत करने लगे थे। हालांकि समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद हालात और बिगड़ते चले गए।
कलेक्टर और विधायक मौके पर पहुंचे
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा देर रात महू पहुंचे। उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया और मरीजों से मुलाकात की। साथ ही परिजनों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली। महू विधायक उषा ठाकुर भी प्रभावित इलाकों में पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
6 बच्चों में पीलिया जैसे लक्षण
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि 6 बच्चों में जॉन्डिस यानी पीलिया जैसे लक्षण पाए गए हैं। हालांकि इसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है। सभी मरीजों के इलाज की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
पूरे महू में होगा स्वास्थ्य सर्वे
प्रशासन ने फैसला लिया है कि कल से पूरे महू क्षेत्र में स्वास्थ्य सर्वे शुरू किया जाएगा। साथ ही पानी की सप्लाई की जांच भी की जाएगी, ताकि दूषित पानी के स्रोत का पता लगाया जा सके।
