30 जनवरी की रिलीज फिल्मों का हाल, जानिए ‘मायासभा’ और ‘गांधी टॉक्स’ का ओपनिंग डे कलेक्शन
30 जनवरी को सिनेमाघरों में कई नई फिल्मों ने दस्तक दी। इनमें कुछ फिल्मों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जबकि कुछ की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा ‘मर्दानी 3’ और पहले से बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी ‘बॉर्डर 2’ की टक्कर को लेकर रही। हालांकि शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि इस मुकाबले में ‘बॉर्डर 2’ का दबदबा कायम है।
‘मर्दानी 3’ का ओपनिंग डे कलेक्शन
रानी मुखर्जी स्टारर ‘मर्दानी 3’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता थी। फिल्म आखिरकार 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। हालांकि ओपनिंग डे पर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ ने पहले दिन करीब 3.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का कुल कलेक्शन फिलहाल लगभग 60 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है। इस लिहाज से फिल्म का प्रदर्शन औसत से कम माना जा रहा है।
‘बॉर्डर 2’ की मजबूत पकड़ बरकरार
वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ पहले से ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। आठवें दिन यानी शुक्रवार को फिल्म ने करीब 11 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि शुरुआती दिनों के मुकाबले अब रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की कमाई मजबूत बनी हुई है। ‘बॉर्डर 2’ ने पहले दिन 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि चौथे दिन फिल्म ने 59 करोड़ रुपये की सबसे बड़ी कमाई दर्ज की। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 235.25 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। साफ है कि ‘मर्दानी 3’ की रिलीज का ‘बॉर्डर 2’ पर कोई खास असर नहीं पड़ा।
‘गांधी टॉक्स’ की ओपनिंग
विजय सेतुपति और अदिति राव हैदरी की फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ ने भी 30 जनवरी को रिलीज होकर बॉक्स ऑफिस पर एंट्री ली। पहले दिन फिल्म ने करीब 1.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। खास बात यह है कि किशोर बेलेकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म बिना डायलॉग की है, जो इसे बाकी फिल्मों से अलग बनाती है।
‘मायासभा – द हॉल ऑफ इल्यूजन’ का हाल
साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘मायासभा – द हॉल ऑफ इल्यूजन’ भी इसी दिन रिलीज हुई। हालांकि फिल्म की ओपनिंग बेहद कमजोर रही। पहले दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 12 लाख रुपये का कलेक्शन किया। कुल मिलाकर 30 जनवरी की रिलीज फिल्मों में ‘बॉर्डर 2’ अब भी बॉक्स ऑफिस की रेस में सबसे आगे नजर आ रही है।
