लिसाड़ी गेट क्षेत्र में देर रात दर्दनाक हादसा

उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार (23 फरवरी) देर रात बड़ा हादसा हो गया। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद गली नंबर-3 स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोग संभल ही नहीं पाए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चों का पिता उस समय नमाज पढ़ने गया हुआ था। इसी दौरान घर में आग भड़क उठी। हादसे में 5 बच्चों और एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कपड़ों के काम की वजह से बढ़ी आग
बताया जा रहा है कि मकान में कपड़ों का काम होता था। घर के अंदर बड़ी मात्रा में कपड़ा रखा हुआ था। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
जैसे ही आग फैली, आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने छत के रास्ते घर में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। हालांकि तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
दमकल ने पाया काबू, प्रशासन मौके पर
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान 6 लोगों ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), जिलाधिकारी (डीएम) और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन ने हालात का जायजा लिया।
जांच जारी, लाखों का नुकसान
इस भीषण आग में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। फिलहाल पुलिस शॉर्ट सर्किट की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घर मालिक और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।
