भाजपा को मिला सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। अब मंगलवार को उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। खास बात यह है कि 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के इतिहास में सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमित शाह के नाम था, जो 49 साल की उम्र में इस पद पर पहुंचे थे।
निर्विरोध हुआ चुनाव, सभी दिग्गजों का समर्थन
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इस कारण चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ। नामांकन प्रक्रिया के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र भरे। कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जो सभी वैध पाए गए।
राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी ने दी जानकारी
भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रक्रिया शुरू की गई। हर नामांकन सेट पर 20 नेताओं के हस्ताक्षर थे। इसके अलावा संसदीय बोर्ड की ओर से अलग नॉमिनेशन सेट दिया गया, जिस पर प्रधानमंत्री सहित 37 सांसदों के हस्ताक्षर थे।
धार्मिक स्थलों में दर्शन, पीएम मोदी से मुलाकात संभव
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने से पहले नितिन नबीन ने दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवालान मंदिर में दर्शन किए। सूत्रों के अनुसार, वे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर सकते हैं।
पत्नी दीपमाला ने जताया भरोसा
नितिन नबीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने सही व्यक्ति को पहचाना है। उन्होंने कहा कि हीरे की परख जौहरी को ही होती है और नितिन की मेहनत का फल उन्हें मिला है।
भाजपा के इतिहास में नया अध्याय
46 साल पुरानी भाजपा के लिए नितिन नबीन का अध्यक्ष बनना एक नया अध्याय है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि युवा नेतृत्व में पार्टी आने वाले चुनावों में किस तरह की रणनीति अपनाती है।
