क्राइम ब्रांच की रेड में करोड़ों की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
दिल्ली में नशे के कारोबार पर पुलिस ने एक और बड़ा वार किया है। क्राइम ब्रांच की WR-II यूनिट को बड़ी सफलता मिली है।
पालम कॉलोनी इलाके से इंटरस्टेट ड्रग सिंडिकेट के अहम सदस्य को दबोचा गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल के रूप में हुई है। उसकी उम्र 28 साल बताई जा रही है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। हालांकि गुप्त सूचना ने उसका खेल खत्म कर दिया। क्राइम ब्रांच की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। नतीजतन करोड़ों का नशे का सामान जब्त हुआ।
1.60 करोड़ की हेरोइन और कैश बरामद
रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 4 लाख 34 हजार 300 रुपये नकद भी मिले। एक मोबाइल फोन भी पुलिस के कब्जे में लिया गया।
एनडीपीएस केस में था घोषित अपराधी
जांच में सामने आया कि निखिल पहले से वांछित था। उसे एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में घोषित अपराधी करार दिया गया था। 1 मई 2025 को दर्ज एफआईआर में उसका नाम सामने आया था। उस केस में 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। पुलिस रिकॉर्ड में निखिल को मुख्य सप्लायर बताया गया था।
गुप्त सूचना से पकड़ा गया आरोपी
16 जनवरी को क्राइम ब्रांच को अहम सूचना मिली। बताया गया कि निखिल पालम कॉलोनी आने वाला है। इसके बाद टेक्निकल सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इंस्पेक्टर सतीश मलिक के नेतृत्व में टीम बनाई गई। साध नगर इलाके में जाल बिछाया गया। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, उसे दबोच लिया गया।
पूछताछ में उगले कई राज
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने कबूल किया कि वह संगठित ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा है। दिल्ली और एनसीआर में हेरोइन की सप्लाई करता था। उसका नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है।
क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस गिरफ्तारी से ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। आगे की जांच में और नाम सामने आ सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Read More :- करनाल ITI में छात्राओं का हिंसक बवाल, सड़क पर बाल पकड़कर पिटाई, बेल्ट से हमला
