पप्पू यादव 31 साल पुराने केस में पटना से गिरफ्तार: बोले- मेरी हत्या हो सकती है; आधी रात 3 घंटे चला ड्रामा, समर्थक भड़के

Pappu Yadav arrested by Patna Police
पटना से गिरफ्तार किए जाने के बाद PMCH में भर्ती पप्पू यादव

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है. शुक्रवार देर रात पटना पुलिस ने उन्हें 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी से पहले उनके मंदिरी स्थित आवास पर करीब तीन घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा. इस दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी रही.

आधी रात पुलिस ने की गिरफ्तारी
पटना पुलिस की टीम शुक्रवार रात करीब 9 बजे पप्पू यादव के आवास पर पहुंची. टीम में सिटी एसपी, पांच डीएसपी, छह थानेदार और करीब 100 पुलिसकर्मी शामिल थे. पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि एमपी-एमएलए विशेष अदालत के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है, क्योंकि पप्पू यादव तय तारीख पर कोर्ट में पेश नहीं हुए थे.

गिरफ्तारी से पहले तीखी नोकझोंक
जब पुलिस उनके आवास पहुंची, तब पप्पू यादव सबसे ऊपर के फ्लोर पर मौजूद थे. पुलिस को देखकर वे हैरान रह गए. इंस्पेक्टर दीपक से उनकी तीखी बहस हो गई. इस दौरान उनके करीबी और समर्थक भी मौके पर जमा होने लगे. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया.

‘मैं रात में नहीं जाऊंगा’
पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की बात कहे जाने पर पप्पू यादव ने साफ शब्दों में कहा कि वे रात में कहीं नहीं जाएंगे. उन्होंने कहा कि सुबह कोर्ट के लिए तैयार हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह के मुद्दे वे उठा रहे हैं, उससे उन्हें पहले से अंदेशा था कि उनके साथ ऐसा हो सकता है. उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि उनकी हत्या भी हो सकती है.

बेहोश हुए सांसद, समर्थक भड़के
करीब तीन घंटे चले ड्रामे के बाद जब पुलिस उन्हें लेकर जाने लगी, तभी पप्पू यादव अचानक बेहोश हो गए. इसके बाद समर्थक भड़क उठे और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की होने लगी. कुछ समर्थक पुलिस वाहन पर भी चढ़ गए. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने उन्हें तुरंत IGIMS ले जाकर मेडिकल जांच कराई.

PMCH में कराया गया भर्ती
शनिवार सुबह पप्पू यादव को स्ट्रेचर पर पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान उन्हें चोट लगी थी, जिससे सिर दर्द और धड़कन बढ़ने की शिकायत है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

आज कोर्ट में हो सकती है पेशी
पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह मामला वर्ष 1995 का है और ट्रायल चल रहा है. कोर्ट के आदेश के बाद ही गिरफ्तारी की गई है. पुलिस का कहना है कि मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.

Read More :- समंदर से दौड़ती-भागती आ रही तबाही, सबकुछ उड़ा ले जाएगी तूफानी हवा, मूसलाधार बारिश का होगा तांडव