तेज रफ्तार पिकअप से अलग हुई मिक्चर मशीन बनी काल, ऑटो से टक्कर में शिक्षिका की मौत

Bhojpur road accident teacher died after pickup mixer machine collision
भोजपुर के सिकरहटा में पिकअप से अलग हुई मिक्चर मशीन से हुए हादसे के बाद घटनास्थल

भोजपुर के सिकरहटा में दर्दनाक सड़क हादसा, पोलियो ड्रॉप पिलाने जा रही शिक्षिका की मौके पर ही मौत, सरपंच समेत पांच घायल

भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे-102 पर सिकरौल पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन से अचानक अलग हुई मिक्चर मशीन सामने से आ रहे ऑटो (टेम्पू) से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में 35 वर्षीय शिक्षिका रौशन जहां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरपंच नसीमा खातून समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृत शिक्षिका रौशन जहां, पति सैदुल्लाह उर्फ जावेद अली, मूल रूप से अजीमाबाद की रहने वाली थीं और वर्तमान में दानापुर के सिकंदरपुर स्थित स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। प्रसव के बाद वह अपने मायके सिकरहटा खुर्द आई हुई थीं। शनिवार को वह अपनी मां और गांव की सरपंच नसीमा खातून के साथ अपने बच्चे को पीरो में पोलियो की सुई दिलाने जा रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही वाहन सिकरौल मिल के पास पहुंचा, उससे जुड़ी भारी मिक्चर मशीन अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई और सामने से आ रहे टेम्पू से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पू पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे। रौशन जहां के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Read More :- कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया हत्याकांड: चंडीगढ़ एनकाउंटर में मारा गया आरोपी करण डिफाल्टर