
15वें भारत-जापान समिट में सुरक्षा और निवेश पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह दो दिवसीय जापान दौरे पर टोक्यो पहुंचे। यह बतौर प्रधानमंत्री उनकी आठवीं जापान यात्रा है। टोक्यो के होटल में स्थानीय कलाकारों ने उनका स्वागत गायत्री मंत्र के साथ किया। इस दौरान उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की।
मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ 15वें भारत-जापान वार्षिक समिट में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में सुरक्षा, रक्षा, व्यापार और तकनीकी सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों नेता आज डिनर पर भी मिलेंगे।
Read More: लखनऊ में 17 वर्षीय नाबालिग ने बनाई 12 फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल
प्रधानमंत्री मोदी ने रवाना होने से पहले सोशल मीडिया पर लिखा कि यह दौरा भारत-जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाई देने का अवसर है।
मोदी 30 अगस्त को मियागी स्थित उस फैक्ट्री का दौरा करेंगे, जहां बुलेट ट्रेन के कोच तैयार किए जाते हैं।
जापानी मीडिया के अनुसार, इस यात्रा के दौरान जापान भारत में 10 ट्रिलियन येन (लगभग ₹5.93 लाख करोड़) के निवेश की घोषणा कर सकता है।
मोदी 31 अगस्त को चीन के तिआनजिन शहर में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट में हिस्सा लेने के लिए रवाना होंगे।