स्कूल, शादी घर और अस्पताल के बाहर खड़े वाहन पर होगी कार्रवाई
प्रयागराज में बढ़ते जाम को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया गया है। जिला अधिकारी Manish Kumar Verma की अध्यक्षता में संगम सभागार में बैठक हुई। इस बैठक में जिला सड़क सुरक्षा समिति ने कई अहम फैसले लिए।
स्कूल और अस्पतालों पर सख्त निगरानी
डीएम ने साफ कहा कि स्कूल, मैरेज हॉल और निजी अस्पतालों के बाहर वाहन खड़े मिले तो कार्रवाई होगी। इसलिए सभी संस्थानों को पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को तुरंत नोटिस जारी किया जाए। इससे व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास होगा।
पार्किंग व्यवस्था की होगी जांच
पीडीए अधिकारियों को कहा गया कि जिन भवनों का नक्शा पास किया गया है, वहां पार्किंग की व्यवस्था की जांच कराई जाए। यदि पार्किंग नहीं मिली तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
इंट्री प्वाइंट पर बनेंगे होल्डिंग एरिया
शहर को जाम मुक्त करने के लिए नई योजना बनाई गई है। लखनऊ, प्रतापगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और रीवा रूट से आने वाले वाहनों के लिए स्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। फाफामऊ, झूंसी और नैनी सहित सभी प्रवेश बिंदुओं पर जमीन चिन्हित की जाएगी। इसके लिए अपर जिलाधिकारी (नगर) की अध्यक्षता में संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम में रोडवेज, पुलिस, नगर निगम और परिवहन विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
पोस्ट एक्सीडेंट केयर सुविधा पर जोर
शहर के सभी एंट्री प्वाइंट पर पोस्ट एक्सीडेंट केयर सुविधा विकसित की जाएगी। इसके लिए रिकवरी वाहन, क्रेन और कटर जैसे संसाधनों की मांग की गई है।
सिविल लाइंस में नो ई-रिक्शा जोन
सिविल लाइंस क्षेत्र में नो ई-रिक्शा जोन घोषित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही ई-रिक्शा संचालन की बैठकों में टेंपो और टैक्सी यूनियन को शामिल करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा अलोपीबाग फ्लाईओवर के पास बंद कट को लेकर 17 फरवरी को संयुक्त सर्वे किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि शहर के मुख्य चौराहों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। वहां किसी भी प्रकार की पार्किंग, ठेला या वेंडिंग की अनुमति नहीं होगी।
