AI समिट विवाद के बाद बयानबाज़ी तेज, पीएम के ‘नंगे’ वाले बयान पर राहुल का पलटवार
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर तीखा हमला बोला है। करीब 1 मिनट 50 सेकेंड के वीडियो में राहुल गांधी ने चार बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यूएस के साथ ट्रेड डील में देश को कुछ नहीं मिला। किसानों को नुकसान हुआ। देश का डेटा बेचा गया। सबसे बड़ा आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा कि “मोदी जी, एपस्टीन फाइल्स में आपका और आपके मंत्रियों का नाम आया है। यह शर्म की बात है।” उन्होंने यह भी कहा कि “आप अपने मित्रों जैसे अनिल अंबानी के लिए जो कर सकते हैं करते हैं, लेकिन हम देश, किसानों और डेटा की रक्षा करेंगे।”
पीएम ने कांग्रेस को बताया था ‘नंगों की पार्टी’
इससे पहले रविवार को मेरठ में कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला था। उन्होंने AI सम्मेलन में हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि “कांग्रेस नंगों की पार्टी है।” पीएम ने कहा कि “पाप कांग्रेस करती है और खामियाजा विपक्षी दलों को उठाना पड़ता है।” उन्होंने मंच से सवाल किया कि AI सम्मेलन से देश का माथा ऊंचा हुआ या नहीं। फिर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वैश्विक आयोजन को अपनी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।
AI समिट में क्या हुआ था?
दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारी शर्टलेस होकर कार्यक्रम स्थल के बाहर पहुंचे। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। तिलक नगर थाना में गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज की गई है। बताया गया कि कुछ आरोपियों को ग्वालियर से हिरासत में लिया गया। पहले गिरफ्तार चार आरोपियों को पटियाला कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा है।
सियासत क्यों गरमाई?
एक तरफ राहुल गांधी का एपस्टीन फाइल्स वाला बयान है। दूसरी तरफ पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला। दोनों नेताओं के बयान से राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर भी तीखी बहस जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद से लेकर सड़क तक गूंज सकता है।
Read More :- गाय का दूध बुद्धिमान, भैंस का सुस्त?” शिक्षा मंत्री के बयान से छिड़ी बहस
