भागीरथपुरा जल संकट में 24 मौतों के बाद सियासत तेज, राहुल गांधी अस्पताल और प्रभावित बस्ती का करेंगे दौरा
मध्य प्रदेश के इंदौर में दूषित पेयजल कांड को लेकर सियासत गरमा गई है। इस गंभीर मामले में 24 लोगों की मौत और 3300 से अधिक लोगों के बीमार होने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंच रहे हैं। वह दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जानेंगे और अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी मिलेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी सुबह 11 बजे विशेष विमान से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे और 11:45 बजे निजी अस्पताल जाकर बीमार लोगों का हाल जानेंगे। दोपहर 12:45 बजे राहुल गांधी भागीरथपुरा क्षेत्र पहुंचेंगे, जहां दूषित जल से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। वह करीब एक घंटे तक पीड़ितों के बीच रहेंगे और दोपहर 1:45 बजे वापस लौटेंगे।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों ने भागीरथपुरा क्षेत्र में सीमित रास्तों और आपात स्थिति की आशंका को देखते हुए आपत्ति जताई है। हालांकि, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जरूरत पड़ी तो राहुल गांधी पैदल चलकर भी पीड़ितों के घरों तक पहुंचेंगे। राहुल गांधी ने विशेष रूप से छह माह के बच्चे आव्यान के परिवार से मिलने की इच्छा जताई है।
इस बीच कांग्रेस ने इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा कर दी है। राहुल गांधी की इंदौर यात्रा के साथ ही 17 जनवरी को मध्य प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस उपवास करेगी। पार्टी इस मामले में सरकार से जवाबदेही और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रही है।
वहीं, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी से मुलाकात के दौरान कहा कि विरोध जरूरी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान निकालना भी उतना ही अहम है। उन्होंने सुझाव दिया कि दूषित जल संकट के समाधान के लिए IIT, IIM और SGSITS जैसे संस्थानों के विशेषज्ञों की मदद ली जानी चाहिए।
