घना कोहरा बना काल, ट्रक में घुसी लग्जरी बस; आग में जलकर खाक

Bus accident due to dense fog in Rajasthan
घने कोहरे के कारण बीकानेर में ट्रक से टकराई बस, आग लगने से जलकर खाक

राजस्थान में 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, प्रदेश में फिर आंधी-बारिश और शीतलहर का अलर्ट

कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा

राजस्थान में मावठ के बाद मौसम ने फिर करवट ली है। बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण बीकानेर जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जयपुर से बीकानेर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस हाईवे किनारे खड़े चारे से भरे ट्रक में जा घुसी। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

40 यात्रियों ने इमरजेंसी विंडो से बचाई जान

हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए। हालांकि, बस स्टाफ और यात्रियों की सूझबूझ से इमरजेंसी विंडो तोड़ी गई। इसके बाद सभी यात्री कूदकर बाहर निकलने में सफल रहे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम

बीकानेर के अलावा जयपुर, श्रीगंगानगर, नागौर और चूरू समेत कई जिलों में सुबह से घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम दर्ज की गई। हालात ऐसे रहे कि सुबह 8 बजे तक वाहन चालकों को लाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा।

शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन

बारिश और ओलावृष्टि के बाद प्रदेश में शीतलहर का असर बढ़ गया है। अलवर, अजमेर और नागौर में बर्फीली हवाओं के कारण गलन महसूस की गई। हनुमानगढ़ में दिन का अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित

कोटपूतली-बहरोड़, श्रीगंगानगर और नागौर जिलों में नेशनल और स्टेट हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित रहा। कई जगह विजिबिलिटी 10 से 300 मीटर के बीच दर्ज की गई। कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात दोनों धीमा रहा।

आंधी-बारिश का फिर अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी से प्रदेश में एक और नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा। इसके असर से कई जिलों में बारिश और आंधी चलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नमी बढ़ने के कारण अगले दो दिनों तक घना कोहरा बना रह सकता है।

Read More :- मार्च में होंगे पंचायत चुनाव, 1 लाख से ज्यादा वार्ड पंच और 14635 सरपंच चुने जाएंगे