जयपुर से सीकर तक बदला मौसम, फसलों को नुकसान की आशंका; कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट
प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज
राजस्थान में एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में चने के आकार के ओले भी गिरे। बारिश के साथ चली सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है और जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
बिजली गिरने से महिला की मौत, क्षेत्र में शोक
सीकर जिले के खंडेला क्षेत्र के निमेड़ा-श्योपुरा गांव में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 40 वर्षीय महिला सोहनी देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तुरंत श्रीमाधोपुर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पांच दिन में दूसरी बार ओले, किसानों की बढ़ी चिंता
प्रदेश में पांच दिन के भीतर दूसरी बार बारिश और ओलावृष्टि होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। सरसों की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान की आशंका जताई जा रही है। नीमकाथाना, रैणी, नोहर और मंडाना जैसे इलाकों में 5 से 10 मिनट तक ओले गिरे, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है।
कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि
जयपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, सीकर, अलवर, हनुमानगढ़ और चूरू में रुक-रुककर बारिश हुई। कोटा जिले के मंडाना क्षेत्र में ओले गिरे, जबकि अलवर के राजगढ़ और रैणी इलाके में तेज मेघ गर्जना के साथ बरसात हुई। हनुमानगढ़ के नोहर में भी 5 से 7 मिनट तक ओले गिरने से अचानक ठंड बढ़ गई।
कोहरा और सर्द हवाओं से बढ़ी मुश्किल
बारिश थमने के बाद कई जिलों में घना कोहरा छा गया है। अलवर में विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा रहेगा और सर्द हवाएं चलेंगी।
आगे क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 31 जनवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा। इसके असर से 31 जनवरी और 1 फरवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है।
तापमान में गिरावट, ठंड का असर
सोमवार को प्रदेश के अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर में सबसे कम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सीकर, नागौर, दौसा और चूरू जैसे जिलों में भी कड़ाके की ठंड बनी हुई है।
