हेड कोच Kumar Sangakkara और कप्तान Riyan Parag ने खोली रणनीति, टीम बैलेंस और युवा खिलाड़ियों पर खास फोकस
टीम कॉम्बिनेशन में संतुलन पर जोर
आईपीएल सीजन से पहले Rajasthan Royals ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। जयपुर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड कोच कुमार संगकारा ने बताया कि इस बार टीम को खासतौर पर संतुलन के साथ तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि ऑक्शन के दौरान कई ऑलराउंडर्स को शामिल किया गया है ताकि मैच की परिस्थितियों के अनुसार खिलाड़ियों का इस्तेमाल किया जा सके। साथ ही टीम बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों विभागों में लगातार सुधार पर काम कर रही है।
जडेजा जैसे मैच विनर पर भरोसा
संगकारा ने अनुभवी ऑलराउंडर Ravindra Jadeja को टीम का बड़ा मैच विनर बताया। उन्होंने कहा कि जडेजा जैसे खिलाड़ी मुश्किल परिस्थितियों में मैच का रुख बदल सकते हैं। इसके अलावा युवा प्रतिभा Vaibhav Suryavanshi पर भी टीम की नजर है। संगकारा ने कहा कि कम उम्र में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली है और उनके लिए अलग रणनीति तैयार की गई है, ताकि वह वर्तमान और भविष्य दोनों में योगदान दे सकें।
संजू सैमसन की गैरमौजूदगी पर क्या बोले कप्तान
कप्तान रियान पराग ने टीम के आत्मविश्वास को लेकर सकारात्मक बयान दिया। उन्होंने माना कि Sanju Samson की कमी को भरना आसान नहीं है। पराग ने कहा कि हर खिलाड़ी की अपनी अलग पहचान होती है और संजू का खेल अनोखा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए Virat Kohli का जिक्र किया और कहा कि जैसे कोहली का विकल्प नहीं होता, वैसे ही सैमसन का भी नहीं हो सकता।
पिछली गलतियों से सीख, इस बार खास तैयारी
रियान पराग ने पिछले सीजन की हारों से सीख लेने की बात कही। उन्होंने बताया कि कई मुकाबले आखिरी पलों में हाथ से निकल गए थे। इसलिए इस बार टीम छोटी-छोटी गलतियों को सुधारने पर पूरा ध्यान दे रही है। साथ ही टीम कॉम्बिनेशन में स्पिन और पेस बॉलिंग का संतुलन रखा गया है और बैटिंग में राइट-लेफ्ट कॉम्बिनेशन को प्राथमिकता दी गई है।
होम ग्राउंड का दबाव नहीं, फोकस सिर्फ प्रदर्शन पर
होम ग्राउंड को लेकर चल रही चर्चा पर पराग ने कहा कि टीम का फोकस केवल अपने प्रदर्शन पर है। उन्होंने कहा कि हर मैदान पर अलग माहौल होता है, लेकिन इससे टीम के खेल पर कोई असर नहीं पड़ता। असम से आने वाले पराग ने राजस्थान टीम के साथ अपने जुड़ाव को भी खास बताया और कहा कि यह टीम अब उनके लिए घर जैसी बन चुकी है।
