कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, शीतलहर से गिरा पारा; जानें कब बदलेगा मौसम
राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम ने अचानक करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चलने से दिन और रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आज भी 10 जिलों में घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हो रहा है।
शीतलहर से 5 डिग्री तक गिरा तापमान
शीतलहर के असर से सीकर, अलवर, झुंझुनूं सहित कई जिलों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। बुधवार को पाली प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सर्द हवाओं के कारण सुबह-शाम ही नहीं, बल्कि दिन में भी ठिठुरन बनी रही।
इन जिलों में छाया घना कोहरा
पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर में घना कोहरा देखने को मिला। इसके अलावा बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर और नागौर बेल्ट में हल्का कोहरा और धुंध छाई रही। कोहरे के कारण अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
31 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 29 और 30 जनवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन उत्तर-पूर्वी जिलों में सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है।
31 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होगा। इसके असर से जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग में बादल छाएंगे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। यह सिस्टम 1 फरवरी तक पूर्वी राजस्थान में असर दिखा सकता है।
कोटा, कोटपूतली और अलवर का हाल
कोटा में लगातार दूसरे दिन बादल और हल्की धुंध रही। दिन का तापमान करीब 7 डिग्री तक गिरा, जिससे गलन बढ़ गई।
कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में एनएच-48 और स्टेट हाईवे पर विजिबिलिटी 30 मीटर तक सिमट गई। फॉग के कारण दिल्ली-जयपुर रूट की बसें भी देरी से चलीं।
अलवर के ग्रामीण इलाकों में विजिबिलिटी 60 मीटर के करीब रही। शीतलहर के चलते कंपकंपी बनी हुई है।
सीकर सबसे ठंडा
सीकर में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 9.9 डिग्री था। यानी एक ही दिन में करीब 5 डिग्री की गिरावट आई है।
