रांची में महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर ऐतिहासिक Pahari Mandir से रविवार दोपहर तीन बजे भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। श्री शिव बारात आयोजन महासमिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Hemant Soren दीप प्रज्वलित कर शिव बारात को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम में सुबोधकांत सहाय, विधायक सीपी सिंह, कुणाल अजमानी, राजेश साहू और बादल सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
भूत-प्रेतों की टोली और आकर्षक झांकियां
इस वर्ष भगवान शिव ‘कर्पूरगौरं करुणावतारं’ स्वरूप में अपने भूत-प्रेतों की टोली के साथ नजर आएंगे। 51 माताएं दूल्हे के रूप में सजे भोलेनाथ का परछन और दिव्य आरती करेंगी। शिव बारात में राम-लक्ष्मण-सीता, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। भूत-प्रेतों की टोली तांडव नृत्य करते हुए शोभा बढ़ाएगी।
इन मार्गों से गुजरेगी बारात
बारात पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार से निकलकर शनि मंदिर अपर बाजार, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, गांधी चौक, महावीर चौक और रातू रोड होते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां सनातन विधि-विधान से भगवान शिव का विवाह संपन्न होगा।
इको-फ्रेंडली आयोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन समिति के अनुसार इस बार शिव बारात पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगी। देशभर से कलाकार शामिल होंगे। शिव तांडव, 21 बालिकाओं द्वारा काली तांडव, अघोरियों का तांडव नृत्य, भजन संध्या, छऊ नृत्य, डीजे और झारखंड की प्रसिद्ध ताशा पार्टी मुख्य आकर्षण रहेंगे। राधा-कृष्ण का प्रेम नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा। बारात में पांच रथ घोड़ा सारथियों के साथ चलेंगे और 20 से अधिक वाहन फूलों से सजाए जाएंगे। आयोजन महासमिति ‘हर घर शिव’ कार्यक्रम भी चला रही है।
सुरेश्वर महादेव मंदिर में हल्दी व मेहंदी रस्म
सुरेश्वर महादेव मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाज से हल्दी चढ़ाई गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंगल गीत गाए। शनिवार को मेहंदी की रस्म अदा की जाएगी। 15 तारीख को शिव बारात चुटिया स्थित श्री राम मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि में शुभ विवाह का आयोजन होगा। मंदिर अध्यक्ष सुरेश साहू और महासचिव संतोष सिन्हा ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
दूरदर्शन रांची से नए धारावाहिक
Doordarshan Ranchi केंद्र की ओर से तीन नए धारावाहिक प्रसारित किए जाएंगे। पारिवारिक हास्य धारावाहिक ‘तिकड़मबाज’ प्रत्येक शनिवार रात आठ बजे डीडी झारखंड पर प्रसारित होगा।
