रांची में जंगली हाथी की एंट्री से हड़कंप, सायरन बजाकर शहरी इलाकों से खदेड़ा गया

रांची के शहरी इलाके में सड़क पर दौड़ता जंगली हाथी और पुलिस की सायरन गाड़ी
रांची के हटिया क्षेत्र में घुसे जंगली हाथी को पुलिस और वन विभाग ने सायरन बजाकर शहरी क्षेत्र से बाहर किया।

हटिया से एयरपोर्ट बाउंड्री तक दौड़ा हाथी, वन विभाग और पुलिस अलर्ट

रांची में शुक्रवार की भोर अचानक अफरा-तफरी मच गई। एक जंगली हाथी अपने झुंड से बिछड़कर शहरी इलाके में पहुंच गया। सबसे पहले हटिया के नायक मोहल्ला के लोगों ने उसे देखा। लोग सुबह नदी की ओर जा रहे थे। अचानक हाथी को दौड़ते देखा तो भगदड़ मच गई।

रिंग रोड से NIFT परिसर तक पहुंचा

जानकारी के मुताबिक हाथी करा के जंगलों से भटक कर रिंग रोड धुर्वा पहुंचा। इसके बाद वह प्रोजेक्ट भवन स्थित राज्य मुख्यालय और पुलिस मुख्यालय के पास से गुजरा। फिर नकटी नदी पार कर National Institute of Fashion Technology (NIFT) की बाउंड्री तोड़कर परिसर में घुस गया। करीब एक घंटे तक हाथी NIFT परिसर में घूमता रहा। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को देखते हुए गेट खोल दिया। इसके बाद हाथी सड़क पर निकल आया।

सैकड़ों लोग जुटे, पुलिस ने बजाया सायरन

हाथी की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग सड़क पर जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए Jharkhand Police और जगन्नाथपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची। पीसीआर वाहन सायरन बजाकर हाथी को दूर भगाने लगे। लोगों से अपील की गई कि हाथी के करीब न जाएं।

कचनार टोली से एयरपोर्ट क्षेत्र तक

हाथी निफ्ट गेट से निकलकर कचनार टोली, हेसाग, सिंह मोड़ और कल्याणपुर की ओर बढ़ा। गनीमत रही कि किसी भी व्यक्ति या घर को नुकसान नहीं पहुंचा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई। अंततः पुलिस और वन विभाग ने मिलकर हाथी को हवाई नगर के पास एयरपोर्ट बाउंड्री से सटे झाड़ीदार इलाके की ओर मोड़ दिया। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं। हालांकि, लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Read More :- टी20 वर्ल्ड कप के बीच बड़ा सदमा: रिंकू सिंह के पिता का निधन