जांच में सामने आया बाबा सिद्दीकी मर्डर केस कनेक्शन, कम उम्र के लड़कों को गैंग में शामिल करने का पैटर्न उजागर
हिंदी फिल्मों के मशहूर निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इस घटना के बाद रोहित शेट्टी के बंगले की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहीं मुंबई पुलिस की शुरुआती जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
पैदल चलकर घर तक पहुंचा हमलावर
पुलिस के मुताबिक, आरोपी हमलावर पहले बाइक से जुहू इलाके में पहुंचा था। इसके बाद उसने रोहित शेट्टी के घर से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी की। फिर वह पैदल चलते हुए बिल्डिंग तक पहुंचा। घर के बाहर पहुंचते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। दहशत फैलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
ऑटो ड्राइवर से हुई बातचीत बनी अहम कड़ी
जांच के दौरान पुलिस को एक ऑटो ड्राइवर का बयान भी मिला है। ड्राइवर ने बताया कि वारदात से पहले आरोपी ने उससे पूछा था कि वह कल्याण जाएगा या नहीं। जब ड्राइवर ने दूरी ज्यादा होने की बात कही, तो उसने आरोपी को जुहू के पास वाले स्टेशन तक छोड़ने की बात कही। पुलिस ने इस बयान को केस की अहम कड़ी माना है।
रोहित शेट्टी का बयान दर्ज
मुंबई पुलिस ने रोहित शेट्टी का बयान भी दर्ज कर लिया है। वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही एक फॉरेंसिक टीम ने उनके घर पहुंचकर जरूरी सैंपल्स भी इकट्ठा किए हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
शुभम लोनकर की भूमिका आई सामने
पूछताछ में सामने आया है कि इस साजिश में शुभम लोनकर की अहम भूमिका रही है। 32 वर्षीय शुभम इससे पहले जनवरी में अकोला में आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुका है। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी। पुलिस का कहना है कि हमलावरों को फंडिंग भी शुभम ने ही की थी।
बाबा सिद्दीकी मर्डर केस से कनेक्शन
जानकारी के मुताबिक, शुभम लोनकर का भाई बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में जेल में बंद है। उस समय भी शुभम का नाम चर्चा में आया था। नाम सामने आने के बाद से वह फरार चल रहा है। इस कनेक्शन ने केस को और गंभीर बना दिया है।
सलमान खान केस से मिलती-जुलती साजिश
पुलिस का कहना है कि रोहित शेट्टी और सलमान खान के घर हुई फायरिंग में कई समानताएं हैं। दोनों मामलों का मोडस ऑपरेंडी लगभग एक जैसा है। इसलिए मुंबई क्राइम ब्रांच इस केस की गहराई से जांच कर रही है।
चार आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी 18 से 23 साल की उम्र के हैं और पुणे के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया है कि शुभम लोनकर कम उम्र के लड़कों को पैसों का लालच देकर अपनी गैंग में शामिल करता था। पकड़े गए आरोपियों को यह तक नहीं पता था कि उनका असली टारगेट कौन है।
