आज बड़ा मुकाबला! रोहित-विराट के फैंस के लिए खास दिन

Rohit Sharma and Virat Kohli playing ODI match
इंदौर वनडे में एक्शन में रोहित शर्मा और विराट कोहली

इंदौर वनडे के बाद लंबा इंतजार तय

भारतीय क्रिकेट फैंस की नजरें आज पूरी तरह इंदौर पर टिकी होंगी, वजह बेहद खास है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाना है। इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली एक साथ मैदान पर उतरेंगे। लेकिन इसके साथ ही एक भावुक सच भी जुड़ा है। इस मुकाबले के बाद दोनों दिग्गज अगले करीब छह महीने तक भारत के लिए कोई मैच नहीं खेलेंगे। इसी वजह से यह मैच फैंस के लिए बेहद खास बन गया है।

वनडे में ही दिखेगी रो-को की जोड़ी

रोहित शर्मा और विराट कोहली अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही खेलते नजर आते हैं। टी20 से दोनों संन्यास ले चुके हैं & टेस्ट क्रिकेट में भी फिलहाल वापसी तय नहीं है। ऐसे में वनडे ही एकमात्र मंच है जहां फैंस उन्हें एक साथ देख पाते हैं। नए साल की शुरुआत भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी वनडे सीरीज से की थी। दो मुकाबले खेले जा चुके हैं, अब सीरीज का निर्णायक मैच बाकी है।

टी20 सीरीज में नहीं दिखेंगे रोहित-विराट

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद भारत को चार मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। हालांकि इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम का हिस्सा नहीं होंगे। इससे साफ है कि फैंस को अब दोनों को देखने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

कब होगी रोहित-विराट की अगली वनडे सीरीज

न्यूजीलैंड सीरीज के बाद रोहित और विराट लगभग छह महीने तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहेंगे। 2026 आईपीएल और टी20 वर्ल्ड कप के बाद ही उनकी वापसी संभव मानी जा रही है। जून महीने में अफगानिस्तान की टीम भारत दौरे पर आएगी।
इस दौरान तीन मैचों की वनडे सीरीज प्रस्तावित है। यही वह सीरीज हो सकती है जहां दोनों दिग्गज फिर से नीली जर्सी में नजर आएं। हालांकि अंतिम फैसला चयनकर्ताओं पर निर्भर करेगा। इसके बाद जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर तीन वनडे मैच खेले जाएंगे।
सितंबर में बांग्लादेश और फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ भी वनडे सीरीज प्रस्तावित है। कुल मिलाकर, इंदौर का यह मुकाबला रोहित-विराट के फैंस के लिए यादगार बनने वाला है।

Read More :- मुखिया हो तो ऐसी! गांव से दिल्ली तक महिला सशक्तिकरण की मिसाल