सहारनपुर के सदर बाजार थानाक्षेत्र स्थित हकीकत नगर कॉलोनी में एक 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल, गागलहेड़ी थानाक्षेत्र के गांव बेरीतगा निवासी पारुल उर्फ टीना पिछले करीब 10 महीनों से हकीकत नगर में एक मकान में घरेलू कामकाज करती थी। वह मकान मालिक के यहां ही रहती थी। बताया गया कि रविवार को वह रोज की तरह काम निपटाकर अपने कमरे में चली गई। हालांकि, देर तक बाहर न आने पर शक हुआ।
इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो युवती का शव दुपट्टे से पंखे पर लटका मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंदर से बंद दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारा। साथ ही, फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार युवती का एक युवक से संबंध था। वह उससे शादी करना चाहती थी। लेकिन युवक ने शादी से इनकार कर दिया था। इसी वजह से युवती मानसिक तनाव में चल रही थी।
मामले में अभी तक स्वजन की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इस संबंध में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्र या किसी विशेषज्ञ से सहायता लें। समय पर बातचीत और सहयोग जीवन बचा सकता है।
